क्या आपके पास भी है 2000 रूपए का नोट? RBI का बड़ा ऐलान-आज भी पूरी तरह वैध, जानिए कैसे बदलें

Currency Update: ₹2000 के नोट पर बड़ा अपडेट है। तीन साल बाद भी बाजार में 5,451 करोड़ रुपये बाकी हैं....

दो हजार के नोट कहां बदले- फोटो : social Media

Currency Update: देश में 2,000 रुपये के नोटों को प्रचलन से बाहर किए जाने के तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन गुलाबी नोट की कहानी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 30 अप्रैल 2026 तक भी 5,451 करोड़ रुपये मूल्य के 2,000 रुपये के नोट जनता के पास मौजूद हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि करीब 98.47 प्रतिशत नोट बैंकिंग व्यवस्था में वापस लौट चुके हैं, जबकि लगभग 1.53 प्रतिशत नोट अब भी लोगों के पास हैं।

आरबीआई ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर जारी जानकारी में बताया कि 19 मई 2023 को 2,000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने का फैसला किया गया था। उस समय बाजार में इन नोटों का कुल मूल्य लगभग 3.56 लाख करोड़ रुपये था। लगातार जमा और विनिमय की प्रक्रिया के बाद अब केवल 5,451 करोड़ रुपये मूल्य के नोट ही शेष रह गए हैं।

रिजर्व बैंक ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि 2,000 रुपये का नोट आज भी पूरी तरह लीगल टेंडर (वैध मुद्रा) है। यानी इस नोट की कानूनी वैधता समाप्त नहीं हुई है। यदि किसी व्यक्ति के पास अभी भी 2,000 रुपये के नोट हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है।

हालांकि सभी बैंक शाखाओं में नोट बदलने और जमा करने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 को समाप्त हो चुकी है, लेकिन आरबीआई के 19 इश्यू ऑफिस में यह सुविधा अब भी जारी है। इसके अलावा देश के किसी भी डाकघर के माध्यम से 2,000 रुपये के नोट आरबीआई के किसी भी इश्यू ऑफिस में भेजकर अपने बैंक खाते में राशि जमा कराई जा सकती है।

बिहार की राजधानी पटना में भी भारतीय रिजर्व बैंक के कार्यालय के माध्यम से 2,000 रुपये के नोट जमा या बदले जा सकते हैं। ऐसे में जिन लोगों के पास अब भी गुलाबी नोट सुरक्षित हैं, उनके लिए यह राहत की खबर है कि नोट न सिर्फ वैध है, बल्कि उसे बैंकिंग प्रणाली के जरिए खाते में जमा कराने की सुविधा भी अब तक उपलब्ध है।