Bank Home Loan: घर खरीदने का सपना पूरा करना चाहते हैं? जानिए किस बैंक में सबसे कम ब्याज पर मिल रहा होम लोन

Bank Home Loan: घर खरीदने की योजना बना रहे हैं? जानिए SBI, Bank of Baroda, Central Bank, Bank of India, HDFC, ICICI समेत प्रमुख बैंकों की होम लोन ब्याज दरें और RBI के रेपो रेट फैसले का आपकी EMI पर क्या असर होगा।

घर खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर!- फोटो : freepik

Bank Home Loan: हर किसी का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो, जहां वह अपने परिवार के साथ आराम और खुशी से रह सके। लेकिन आज के समय में बढ़ती महंगाई और प्रॉपर्टी की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घर खरीदना आम लोगों के लिए आसान नहीं रह गया है। ऐसे में ज्यादातर लोग होम लोन का सहारा लेते हैं। इसलिए घर खरीदने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि कौन सा बैंक सबसे कम ब्याज दर पर होम लोन दे रहा है और कहां से लोन लेना ज्यादा फायदेमंद रहेगा।

इस बीच होम लोन लेने वालों के लिए राहत की खबर यह है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। RBI ने रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर ही बरकरार रखा है। रेपो रेट वह ब्याज दर होती है जिस पर RBI देश के दूसरे बैंकों को पैसा उधार देता है। अगर रेपो रेट बढ़ता है तो आमतौर पर बैंक भी अपने लोन की ब्याज दर बढ़ा देते हैं, जिससे ग्राहकों की EMI महंगी हो सकती है।

होम लोन लेने की योजना बनाने वाले को क्या होगा फायदा?

मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी (MPC) की बैठक के बाद RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि दुनिया भर में चल रहे तनाव और महंगाई से जुड़े जोखिमों को देखते हुए मौद्रिक नीति का रुख न्यूट्रल रखा गया है। इसका सीधा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो होम लोन लेने की योजना बना रहे हैं, क्योंकि फिलहाल उनकी EMI में केवल रेपो रेट के कारण कोई बढ़ोतरी नहीं होगी और वे मौजूदा ब्याज दरों पर ही लोन का लाभ उठा सकते हैं।

अगर अलग-अलग बैंकों की होम लोन

अगर अलग-अलग बैंकों की होम लोन ब्याज दरों की बात करें तो देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) 7.25 प्रतिशत से 9.05 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर होम लोन दे रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा में होम लोन की ब्याज दर 7.20 प्रतिशत से शुरू होकर 9.25 प्रतिशत तक जाती है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अपने ग्राहकों को 7.10 प्रतिशत से 9.15 प्रतिशत के बीच ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है। बैंक ऑफ इंडिया में होम लोन की ब्याज दर 7.10 प्रतिशत से शुरू होकर 10.25 प्रतिशत तक है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में ग्राहकों को 7.15 प्रतिशत से 9.60 प्रतिशत तक की ब्याज दर पर होम लोन मिल सकता है। केनरा बैंक में होम लोन की ब्याज दर 7.25 प्रतिशत से शुरू होकर 10 प्रतिशत तक जाती है। इंडियन ओवरसीज बैंक में वेतन पाने वाले ग्राहकों के लिए होम लोन की ब्याज दर 7.10 प्रतिशत से शुरू होती है, जबकि जिन लोगों की नियमित सैलरी नहीं है उनके लिए यह दर 8.20 प्रतिशत से शुरू होती है।

प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक 

प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक ICICI बैंक में होम लोन की शुरुआती ब्याज दर 7.50 प्रतिशत सालाना है।कोटक महिंद्रा बैंक में होम लोन 7.60 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर दिया जा रहा है।HDFC बैंक अपने ग्राहकों को 7.75 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है।वहीं एक्सिस बैंक में होम लोन की ब्याज दर 8 प्रतिशत से शुरू होकर 11.90 प्रतिशत तक जा सकती है। यह दर ग्राहक की प्रोफाइल और बैंक के नियमों के अनुसार तय होती है।

ब्याज दर देखकर फैसला नहीं करना चाहिए

होम लोन लेने से पहले केवल ब्याज दर देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। बैंक की दूसरी शर्तें, प्रोसेसिंग फीस, लोन की अवधि और आपकी आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखना जरूरी है। अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री और बेहतर सिबिल स्कोर होने पर कई बार बैंक ग्राहकों को बेहतर ब्याज दर का फायदा भी देते हैं। इसलिए किसी भी बैंक से होम लोन लेने से पहले उसकी सभी शर्तों और ब्याज दर की सही जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।