LPG Price Today: घरेलू LPG पर सरकार का बड़ा सहारा! 1600 रुपये से ज्यादा लागत के बावजूद कम कीमत पर मिल रहा सिलेंडर, जानें क्या है दाम

LPG Price Today: घरेलू 14.2 किलो LPG सिलेंडर की सप्लाई लागत 1600 रुपये से अधिक पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं को कम कीमत पर गैस मिल रही है। जानें अलग-अलग शहरों के नए रेट और पूरी जानकारी।

रसोई गैस पर बड़ा अपडेट- फोटो : freepik

LPG Price Today: घरेलू खाना पकाने वाली गैस की सप्लाई का खर्च पिछले कुछ समय में तेजी से बढ़ा है। अब 14.2 किलोग्राम वाले एक स्टैंडर्ड LPG सिलेंडर को उपभोक्ता तक पहुंचाने की लागत 1600 रुपये से अधिक हो गई है। इसके बावजूद देश के लोगों को यह सिलेंडर इससे काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद भी ग्राहकों से वास्तविक लागत के मुकाबले काफी कम पैसा लिया जा रहा है। इसका परिणाम यह है कि हर घरेलू LPG सिलेंडर पर लगभग 700 रुपये का नुकसान यानी अंडर-रिकवरी हो रही है। इस अंतर का आर्थिक बोझ केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल मार्केटिंग कंपनियां उठा रही हैं।

देश के अलग-अलग शहरों में LPG सिलेंडर की कीमतें

देश के अलग-अलग शहरों में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें अलग-अलग हैं। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 942.0 रुपये है, जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3113.5 रुपये है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3067.5 रुपये का है। कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968.0 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3256.0 रुपये में मिल रहा है। चेन्नई में घरेलू सिलेंडर की कीमत 957.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3283.0 रुपये है। बेंगलुरु में घरेलू सिलेंडर 944.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3198.0 रुपये का है। लखनऊ में घरेलू सिलेंडर 979.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3236.0 रुपये का है, जबकि पटना में घरेलू सिलेंडर 1031.5 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3400.5 रुपये में उपलब्ध है।

अंतरराष्ट्रीय कीमतों में लगातार बढ़ोतरी

मंत्रालय के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण घरेलू LPG की बिक्री पर होने वाला नुकसान तेजी से बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक घरेलू LPG पर कुल अंडर-रिकवरी 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 41,338 करोड़ रुपये थी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर बढ़ते वित्तीय दबाव को कम करने के लिए केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल ने 30,000 करोड़ रुपये के मुआवजे को मंजूरी दी है।

LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी

हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई है। इसके बावजूद मंत्रालय का कहना है कि उपभोक्ताओं से ली जा रही कीमत बाजार से जुड़ी वास्तविक खरीद और सप्लाई लागत से काफी कम है। यानी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियां उपभोक्ताओं पर पूरा बोझ नहीं डाल रही हैं और सिलेंडर अभी भी वास्तविक लागत से कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है।