Bread price: दूध के बाद अब ब्रेड भी महंगी! आम लोगों के बजट पर बढ़ा बोझ,जानें नया रेट

Bread price: मुंबई में ब्रेड की कीमतों में ₹5 तक की बढ़ोतरी हुई है। दूध के बाद अब ब्रेड महंगी होने से वड़ा पाव और दूसरे खाने की चीजों पर असर पड़ेगा।

ब्रेड रेट बढ़े- फोटो : freepik

Bread price: मुंबई में आम लोगों की जेब पर महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दूध की कीमतें बढ़ने के बाद अब ब्रेड भी महंगी हो गई है। ब्रेड बनाने वाली कई बड़ी कंपनियों ने 16 मई से नई कीमतें लागू कर दी हैं। लगभग हर तरह की ब्रेड पर ₹5 तक की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना ब्रेड और पाव से बने खाने पर निर्भर रहते हैं।

मुंबई में लाखों लोग सुबह के नाश्ते से लेकर दिनभर के खाने में ब्रेड और पाव का इस्तेमाल करते हैं। ऑफिस जाने वाले लोग, मजदूर, छात्र और छोटे काम करने वाले लोग अक्सर वड़ा पाव, मिसल पाव, भाजी पाव और सैंडविच खाते हैं। ऐसे में ब्रेड की कीमत बढ़ने से इन सभी चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं।

कई तरह के ब्रेड्स की बढ़ी कीमतें

रिपोर्ट्स के मुताबिक सैंडविच ब्रेड, होल व्हीट ब्रेड और मल्टीग्रेन ब्रेड जैसी कई किस्मों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। कुछ जगहों पर ब्राउन ब्रेड की कीमत ₹45 से बढ़कर ₹50 हो गई है। वहीं छोटे लोफ और सफेद ब्रेड के दाम भी बढ़े हैं। बेकरी मालिकों का कहना है कि उत्पादन खर्च लगातार बढ़ रहा है। प्लास्टिक पैकेजिंग महंगी हो गई है। ट्रांसपोर्ट का खर्च भी बढ़ा है। इसके अलावा बाहर से आने वाले कच्चे माल की कीमतें बढ़ने और रुपये के कमजोर होने से लागत और ज्यादा बढ़ गई है। हाल ही में दूध की कीमत बढ़ने का असर भी खाने-पीने की चीजों पर दिखाई दे रहा है।

ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं

मुंबई में हर दिन बड़ी संख्या में लोग वड़ा पाव और ब्रेड से बने दूसरे फूड आइटम खाते हैं। ऐसे में अब आम लोगों को रोजमर्रा के खाने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। ग्राहकों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घर का बजट बिगड़ता जा रहा है।

अब जानिए नई कीमतें क्या हैं?

400 ग्राम सैंडविच ब्रेड की कीमत पहले ₹40 थी, जो अब बढ़कर ₹45 हो गई है।

होल व्हीट ब्रेड पहले ₹55 में मिलती थी, अब इसकी कीमत ₹60 हो गई है।

मल्टीग्रेन ब्रेड की कीमत ₹60 से बढ़कर ₹65 हो गई है।

स्मॉल ब्राउन लोफ पहले ₹28 का था, अब ₹30 में मिलेगा।

व्हाइट लोफ की कीमत ₹20 से बढ़कर ₹22 हो गई है।

ब्राउन ब्रेड पहले ₹45 की थी, अब इसकी कीमत ₹50 हो गई है।