CNG Rate Today: पेट्रोल-डीजल महंगा! CNG अब भी राहत का सबसे बड़ा सहारा,जानें दिल्ली से पटना तक क्या है रेट

CNG Rate Today: देश में पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम फिर बढ़े। जानिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत बड़े शहरों में नए रेट और बढ़ोतरी की वजह।

CNG के दाम- फोटो : freepik

CNG Rate Today: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। बीते सोमवार को सरकार ने दस दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए। इस बार पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। सरकारी तेल कंपनियां लगातार हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए चरणबद्ध तरीके से दाम बढ़ा रही हैं।

नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 113.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

देश में ईंधन की कोई कमी नहीं-केंद्र सरकार

देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंच चुकी है। बेंगलुरु में पेट्रोल 110 रुपये प्रति लीटर से ऊपर और हैदराबाद में 115 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों के बजट पर साफ दिखाई देने लगा है। केंद्र सरकार का कहना है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और भारत के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि अगर समय-समय पर खुदरा कीमतों में बदलाव नहीं किया गया तो कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण तेल कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी

इस बीच सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में सीएनजी 83.09 रुपये प्रति किलो बिक रही है। मुंबई में इसकी कीमत 84 रुपये प्रति किलो, कोलकाता में 93.50 रुपये प्रति किलो, जबकि बेंगलुरु और चेन्नई में 95 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। मई महीने में सिर्फ 11 से 12 दिनों के अंदर सीएनजी की कीमतों में करीब 6 रुपये प्रति किलो तक बढ़ोतरी की गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और अन्य कंपनियों ने इस महीने चार बार दाम बढ़ाए। 15 मई को 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई। 17 मई को दिल्ली में 1 रुपये प्रति किलो दाम बढ़ाए गए। 23 मई को दिल्ली-एनसीआर में फिर 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई और 26 मई को 2 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया।

सीएनजी पेट्रोल और डीजल के मुकाबले सस्ती

हालांकि लगातार बढ़ोतरी के बाद भी सीएनजी पेट्रोल और डीजल के मुकाबले सस्ती बनी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर है, जबकि सीएनजी 83.09 रुपये प्रति किलो बिक रही है। यानी दोनों के बीच करीब 19 रुपये का अंतर है। वहीं डीजल और सीएनजी के दाम में भी करीब 12 रुपये का फर्क बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं तो आने वाले दिनों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।