Petrol diesel prices: फ्यूल प्राइस अलर्ट! पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका, 4-5 रुपये बढ़ सकती है कीमत
Petrol diesel prices: देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 4-5 रुपये तक बढ़ोतरी की संभावना है। इससे पहले कॉर्मशियल गैस की कीमतों में 933 रुपये की बढ़ोतरी की जा चुकी है।
Petrol diesel prices: मई का महीना शुरू होते ही महंगाई को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। एक मई को ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए, जिससे कारोबारियों पर असर पड़ा। अब एक और खबर सामने आ रही है जो आम लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 4 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि तेल कंपनियां लंबे समय से नुकसान झेल रही हैं और अब वे इस घाटे की भरपाई करना चाहती हैं। सरकार भी इस मामले पर विचार कर रही है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि फैसला कभी भी लिया जा सकता है।
ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी
ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय हालात भी एक बड़ी वजह हैं। ईरान से जुड़े तनाव और होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और वे कीमतें बढ़ाने की मांग कर रही हैं।
सब्जी, दूध, राशन जैसी रोजमर्रा की चीजें भी महंगी
अगर पेट्रोल और डीजल महंगे होते हैं तो इसका असर सिर्फ गाड़ी चलाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा। माल ढुलाई महंगी हो जाएगी, जिससे बाजार में आने वाले हर सामान की कीमत बढ़ सकती है। सब्जी, दूध, राशन जैसी रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो जाएंगी। खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले डीजल पंप और ट्रांसपोर्ट का खर्च भी बढ़ेगा, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
आम जनता के लिए चिंता
पिछले कुछ समय से ईंधन की कीमतें स्थिर थीं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली हुई थी, लेकिन अब अगर दाम बढ़ते हैं तो यह महंगाई को और बढ़ा सकता है। ऐसे में लोग पहले से ही सोच रहे हैं कि खर्च कैसे संभालेंगे। कई लोग यह भी मान रहे हैं कि अगर दाम बढ़ने ही हैं तो अभी टंकी फुल कराना बेहतर हो सकता है। आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी, लेकिन अभी जो संकेत मिल रहे हैं, वे आम जनता के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं।