Bihar Jobs: बिहार में नौकरी का बड़ा मौका! लगेगा रोजगार मेला, 1000 युवाओं को मिलेगी नौकरी

Bihar Jobs: बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है।...

बिहार में नौकरी का बड़ा मौका! - फोटो : X

Bihar Jobs: बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। बेगूसराय में जिला नियोजनालय की पहल पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 20 से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियां हिस्सा लेंगी। इन कंपनियों ने एक हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। खास बात यह है कि इस मेले में कम पढ़े-लिखे युवाओं से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों तक को अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

जिला नियोजन प्रभारी पदाधिकारी अंकिता के मुताबिक, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार और जिला नियोजनालय बेगूसराय के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला 26 नवंबर को बेगूसराय जिले के बरौनी स्थित एपीएसएम कॉलेज परिसर में लगेगा। यहां विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधि अपनी जरूरत के मुताबिक अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने की व्यवस्था भी की गई है।

इस रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। यानी आठवीं कक्षा उत्तीर्ण युवा भी अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। इसके अलावा दसवीं, बारहवीं, स्नातक और अन्य उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी हिस्सा ले सकेंगे। आवेदकों की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

रोजगार मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला नियोजनालय ने अधिक से अधिक युवाओं से इसमें पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। आयोजन स्थल बरौनी जंक्शन से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को भी पहुंचने में सहूलियत होगी। युवाओं की आवाजाही आसान बनाने के उद्देश्य से इस स्थान का चयन किया गया है। स्थानीय विधायक अभिषेक आनंद ने भी जिला नियोजन पदाधिकारी की इस पहल की सराहना की है।