बिहार में बेरोजगारों को नौकरी का बड़ा अवसर,आज से 23 अगस्त 20 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, यहां लगा जॉब मेला
Bihar Mega Job Fair: बिहार में युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार का बड़ा दरवाजा खुलने जा रहा है।...
Bihar Mega Job Fair: बिहार में युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार का बड़ा दरवाजा खुलने जा रहा है। सम्राट चौधरी सरकार ने आने वाले पांच साल में युवाओं को बड़े पैमाने पर नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है। इसी वादे को अमल में उतारने की दिशा में 19 अगस्त से पटना के ज्ञान भवन में अब तक के सबसे बड़े रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। यह मेगा जॉब फेयर 19 से 23 अगस्त तक चलेगा और करीब 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।इस रोजगार मेले में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल और दूसरे निजी क्षेत्रों की नामी कंपनियां युवाओं की ‘किस्मत की फाइल’ खोल सकती हैं। यानी जिन युवाओं के पास योग्यता, हुनर और निजी क्षेत्र में नौकरी करने का जज्बा है, उनके लिए यह आयोजन बड़ा मौका साबित हो सकता है।इनमें कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक, मुथूट माइक्रोफिन, क्लिक्स, फ्लिपकार्ट, टीसीआई एक्सप्रेस, जॉनसन लिफ्ट्स एंड एस्केलेटर्स, टीवीएस क्रेडिट, ट्रेंट लिमिटेड और रिलायंस रिटेल समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं। अलग-अलग सेक्टर में अभ्यर्थियों को नौकरी के अवसर और इंटरव्यू का मौका मिलेगा।
बिना रजिस्ट्रेशन एंट्री नहीं
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए नियोजकों और अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य बताया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी detjob.bihar.gov.in/registration पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। बिना पंजीकरण के आयोजन स्थल पर प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख और समय पर ही इंटरव्यू के लिए पहुंचने की अपील की गई है।रजिस्ट्रेशन, नौकरी और मेले से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए विभाग ने 18002965656 टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है। अभ्यर्थी इस नंबर पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी हासिल कर सकते हैं।
युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा प्लेटफॉर्म
इस मेगा जॉब फेयर का आयोजन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग और बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से किया जा रहा है। मकसद प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
अब देखना यह होगा कि ज्ञान भवन में लगने वाला यह रोजगार का बाजार कितने युवाओं की बेरोजगारी की बेड़ियां काटकर उन्हें नौकरी की मंजिल तक पहुंचाता है। 20 हजार रोजगार का लक्ष्य इस आयोजन को बिहार के युवाओं के लिए बेहद अहम बना रहा है।