Bihar Librarian Exam: बिहार लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा के लिए 1 अक्टूबर से आवेदन, उम्र में मिलेगी 10 साल की छूट, पढ़िए पूरा प्रोसेस

Bihar Librarian Exam: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया की तारीखों का ऐलान कर दिया है।

बिहार लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा- फोटो : social Media

Bihar Librarian Exam: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पात्र अभ्यर्थी 1 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए बोर्ड की ओर से जारी वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। किसी अन्य माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बिहार लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा को लेकर भी राहत दी गई है। नई नियमावली के तहत सभी वर्गों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की अतिरिक्त छूट दिए जाने की जानकारी दी गई है। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए।

लाइब्रेरियन पद के लिए शैक्षणिक योग्यता के तौर पर अभ्यर्थी का लाइब्रेरी साइंस में स्नातक होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए स्नातक में न्यूनतम 45 फीसदी अंक निर्धारित हैं। वहीं आरक्षित वर्ग, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को पांच फीसदी की छूट दी गई है। इन श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 फीसदी अंक निर्धारित हैं। इसके साथ पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना भी जरूरी होगा।

नई भर्ती नियमावली के मुताबिक कुल पदों में 35 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं। इससे महिला अभ्यर्थियों के लिए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट  माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रश्नपत्र हल करने के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय मिलेगा। खास बात यह है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

फिलहाल बोर्ड ने आवेदन की तारीखों की घोषणा की है, जबकि परीक्षा की तिथि बाद में जारी की जाएगी। आवेदन शुरू होने के बाद अभ्यर्थी sletregistration.cbrt.co.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए।

ब्यूरो रिपोर्ट