Patna Women Job Fair 2026: पटना में महिलाओं के करियर के लिए खुला बड़ा दरवाजा, 50 से अधिक कंपनियां देंगी हजारो नौकरियां, ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू और तुरंत जॉइनिंग का मौका

Patna Women Job Fair 2026: महिलाओं के लिए एक मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है, जहां दर्जनों नामी कंपनियां सीधे भर्ती करेंगी।

महिलाओं के करियर के लिए खुला बड़ा दरवाजा- फोटो : X

Patna Women Job Fair 2026: अगर आप नौकरी की तलाश में हैं और अपने करियर को नई उड़ान देना चाहती हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी सुनहरे मौके से कम नहीं है। बिहार की राजधानी पटना में महिलाओं के लिए एक मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है, जहां दर्जनों नामी कंपनियां सीधे भर्ती करेंगी। यह आयोजन 16 और 17 मार्च को ज्ञान भवन परिसर में होगा और इसमें हजारों महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

यह मेगा जॉब फेयर राज्य की कौशल विकास पहल के तहत महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा आयोजित किया जा रहा है। करियर के मैदान में कदम रखने वाली महिलाओं के लिए यह एक बड़ा प्लेटफॉर्म साबित हो सकता है, जहां 50 से अधिक राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपनी वैकेंसी लेकर पहुंचेंगी।

इस रोजगार मेले में कई बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इनमें ब्लिंकिट, फ्लिपकार्ट, बजाज ऑटो, मुथूट फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, क्रोमा, एथर एनर्जी, जूडियो, जेएसडब्ल्यू स्टील, टीवीएस मोटर कंपनी, आईटीसी लिमिटेड, एयरटेल, अपोलो हॉस्पिटल्स और योकोहामा रबर कंपनी जैसे प्रमुख रूप से शामिल हैं।

करियर के लिहाज़ से यह जॉब फेयर बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां 2000 से अधिक नौकरियों के मौके उपलब्ध होंगे। रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर, आईटी/बीपीओ, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग और सिक्योरिटी जैसे कई सेक्टर में महिलाओं को काम करने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि यहां ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू लिए जाएंगे और चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लेटर भी दिया जा सकता है।

इस जॉब फेयर में 10वीं, 12वीं, स्नातक, तकनीकी डिग्री या आईटीआई योग्यता रखने वाली महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं। उम्मीदवारों की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है। प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड, बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।

यह रोजगार मेला सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इच्छुक महिलाएं आधिकारिक वेबसाइट महिला एवं बाल विकास निगम के पोर्टल wcdc.bihar.gov.in पर आवेदन कर इस सुनहरे मौके का फायदा उठा सकती हैं।कुल मिलाकर, यह मेगा जॉब फेयर उन महिलाओं के लिए उम्मीद की नई किरण है जो अपने हुनर और काबिलियत के दम पर करियर की दुनिया में पहचान बनाना चाहती हैं।