UGC NET June 2026:एनटीए ने बढ़ाई आवेदन की डेडलाइन, छात्रों को मिला एक और मौका, करेक्शन विंडो भी खुलेगी जल्द

UGC NET June 2026: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है।

एनटीए ने बढ़ाई आवेदन की डेडलाइन- फोटो : X

UGC NET June 2026: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी  ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। देशभर से लगातार मिल रहे अनुरोधों और तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए एजेंसी ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। इस फैसले के बाद वे सभी छात्र-छात्राएं, जो किसी कारणवश अब तक फॉर्म नहीं भर पाए थे, उन्हें एक और सुनहरा अवसर मिल गया है।

नए शेड्यूल के अनुसार, उम्मीदवार अब अपना ऑनलाइन आवेदन फॉर्म 23 मई सुबह 10:00 बजे तक जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम समय-सीमा भी बढ़ा दी गई है। छात्र-छात्राएं क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से 23 मई रात 11:50 बजे तक फीस का भुगतान कर सकते हैं। यह निर्णय उन अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है जो तकनीकी या व्यक्तिगत कारणों से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।

इसके अलावा, NTA ने करेक्शन विंडो का शेड्यूल भी अपडेट किया है। यदि आवेदन फॉर्म भरते समय किसी उम्मीदवार से कोई गलती हो जाती है, तो वे 25 मई से 27 मई रात 11:50 बजे तक अपने फॉर्म में आवश्यक सुधार या बदलाव कर सकेंगे। इस सुविधा से अभ्यर्थियों को अपने डाटा को सही करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://ugcnet.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर किसी उम्मीदवार को आवेदन या फीस भुगतान के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या आती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल के माध्यम से ugcnet@nta.ac.in पर भी अपनी शिकायत या समस्या भेजी जा सकती है। UGC NET देश की सबसे महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षाओं में से एक है, जो सहायक प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए आयोजित की जाती है। ऐसे में आवेदन की तारीख बढ़ने से लाखों अभ्यर्थियों को तैयारी और फॉर्म भरने का अतिरिक्त समय मिल गया है।