Bihar crime: 24 टन चावल की चोरी का टूटा चक्रव्यूह , बेतिया से हावड़ा तक फैला खेल, दो शातिर गिरफ्तार,पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

एक संगीन वारदात ने अब जाकर अपना राज खोल दिया है। 24 टन चावल की चोरी का मामला महज एक साधारण जुर्म नहीं, बल्कि अंतर्राज्यीय साज़िश का हिस्सा निकला।

24 टन चावल की चोरी का चक्रव्यूह टूटा- फोटो : reporter

Bihar crime: पश्चिम चम्पारण के बेतिया से उठी एक संगीन वारदात ने अब जाकर अपना राज़ खोल दिया है। 24 टन चावल की चोरी का ये मामला महज़ एक साधारण जुर्म नहीं, बल्कि अंतर्राज्यीय साज़िश का हिस्सा निकला। बिहार पुलिस ने इस पेचीदा गुत्थी को सुलझाते हुए न सिर्फ पूरा माल बरामद कर लिया, बल्कि दो शातिर मुल्ज़िमों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

मामला बेतिया मुफ्फसिल थाना इलाके का है, जहां 12 मार्च को बबलू कुमार गुप्ता ने अपने एग्रो राइस मिल से भारी मात्रा में चावल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने फौरन हरकत में आते हुए कांड संख्या 114/26 दर्ज किया और तहकीकात का आगाज़ किया।

एसपी डॉ. शौर्य सुमन के हिदायत पर एक खास टीम का गठन किया गया, जिसकी कमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक दीप के हाथों में थी। टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की इत्तिला के दम पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और पश्चिम बंगाल के हावड़ा इलाके के चमड़ेल चाड़ा से चोरी गया पूरा चावल बरामद कर लिया। ये कुल 923 बोरे थे, जिनका वज़न करीब 24 टन बताया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को भी जब्त किया, जो इस पूरी साजिश का अहम कड़ी था। मौके से अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर विक्की साव और ट्रक चालक कृष्णा साह को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ जारी है, जिससे इस गिरोह के और भी राज़ खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में शामिल पुलिसकर्मियों को उनके बेहतरीन काम के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। इस कामयाबी ने न सिर्फ पुलिस की मुस्तैदी को साबित किया है, बल्कि अपराधियों के हौसले पर भी करारा वार किया है।खुलासे के बाद इलाके में राहत की सांस ली जा रही है, लेकिन ये घटना एक बार फिर ये सवाल छोड़ गई है क्या अनाज की इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क अब भी परदे में छुपा है?

रिपोर्ट- आशीष कुमार