बेतिया के इस इलाके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद, महिला समेत 4 धंधेबाज गिरफ्तार

Bihar News : पश्चिम चम्पारण जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने चार धंधेबाजों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.....

प्रतिबंधित मांस के 4 धंधेबाज गिरफ्तार- फोटो : आशिष

Bettiah : पश्चिम चम्पारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कल देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खैरवा वार्ड नंबर-1 स्थित महोदीपुर में फैयाज आलम अंसारी के बथान (मवेशी रखने की जगह) पर कुछ लोग मिलकर गौकशी कर रहे हैं और उसका मांस बेचने व परिवहन करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई गई।


एसपी के निर्देश पर बनी विशेष छापेमारी टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बेतिया पुलिस अधीक्षक (SP) के कड़े निर्देश पर एक उच्च स्तरीय छापेमारी दल का गठन किया गया। इस विशेष टीम का नेतृत्व सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बेतिया ने किया। छापेमारी दल को प्रशासनिक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए इसमें मझौलिया के अंचलाधिकारी (CO) और स्थानीय सरकारी पशु चिकित्सक को भी विशेष रूप से शामिल किया गया, ताकि मौके पर ही वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।


बथान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद

गठित विशेष टीम ने जब ग्राम खैरवा वार्ड नंबर-1 स्थित फैयाज आलम अंसारी के बथान पर अचानक दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए। बथान के पास ही भारी मात्रा में एक काले रंग के मवेशी का मांस विभिन्न टुकड़ों में कटा हुआ पाया गया, जिसे तस्करी और बिक्री के लिए पैक किया जा रहा था। मौके पर मौजूद पशु चिकित्सक और एफएसएल (FSL) की टीम की उपस्थिति में बरामद मांस की जांच कराते हुए उसे विधिवत जब्त कर लिया गया।


महिला समेत चार मुख्य आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार

पुलिस टीम ने बथान की घेराबंदी कर मौके से भागने का प्रयास कर रहे तीन पुरुष और एक महिला धंधेबाज को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद मेराज आलम, नसीमा खातून, मुबारक अंसारी और बथान के मालिक फैयाज आलम अंसारी के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी मझौलिया थाना क्षेत्र के खैरवा वार्ड नंबर-1 के ही रहने वाले हैं। पुलिस इन सभी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।


इलाके में पुलिस की गश्त तेज, मामला दर्ज

इस बड़ी बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद मझौलिया थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि इस धंधे में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं और इस मांस को कहां सप्लाई किया जाना था। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।


आशीष कुमार की रिपोर्ट