वैशाली में प्लम्बर मिस्त्री की गोली मारकर हत्या, घर से बुलाकर अपराधियों ने सीने में उतारी गोली
Bihar Crime : प्रदेश के वैशाली जिले में एकबार अपराधियों ने अपनी बेखौफ का परिचय देते हुए युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी है। परिजन जहां इसे दबंगई बता रहे है। वहीं पुलिस आपसी रंजिश में हत्या की बात कर रही है....
Vaishali : बिहार के वैशाली जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी है। घटना सदर थाना क्षेत्र के दामोदर नगर की है, जहां अपराधियों ने एक प्लम्बर मिस्त्री को फोन कर बुलाया और बगीचे में ले जाकर उसे गोली मार दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
फोन कर बगीचे में बुलाया और मार दी गोली
मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के ही चंद्रालय निवासी ऋषि कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को ऋषि को कुछ लोगों ने फोन कर दामोदर नगर स्थित एक बगीचे में मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचते ही अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दबंगई में घटना को दिया गया अंजाम
घटना के संबंध में मृतक के भाई ने बताया कि ऋषि की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर दबंगई और वर्चस्व कायम करने के लिए उसे निशाना बनाया गया है। भाई का दावा है कि उसे गोली मारने वालों के नाम पता हैं और इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस बता रही आपसी रंजिश का परिणाम
सदर अस्पताल पहुंचे एसपी विक्रम सिहाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है। पुलिस के अनुसार, वारदात के वक्त ऋषि के साथ उसका एक साथी भी मौजूद था, जिसे अपराधियों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इस तरह पुलिस के पास घटना का एक चश्मदीद गवाह मौजूद है, जिसने हमलावरों की पहचान कर ली है। पुलिस अब इस गवाह के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
एसपी जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का किया दावा
एसपी ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है, क्योंकि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार होने में सफल रहे।
रिषभ की रिपोर्ट