एयर इंडिया फ्लाइट का हाईजैक अलर्ट ! फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे विमान बम से उड़ाने की धमकी, जयपुर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

Air India के बोइंग 787-9 विमान ने मंगलवार रात करीब 10:45 बजे फ्रैंकफर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। भारतीय हवाई क्षेत्र में पहुंचने के दौरान विमान में सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला।

Air India Flight Hijack- फोटो : news4nation

Air India Flight Hijack : फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 को सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। बुधवार सुबह विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। शुरुआती सूचना में विमान को बम से उड़ाने की धमकी और हाईजैक किए जाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की जांच में हाईजैक का अलर्ट अफवाह साबित हुआ।


जानकारी के मुताबिक, बोइंग 787-9 विमान ने मंगलवार रात करीब 10:45 बजे फ्रैंकफर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। भारतीय हवाई क्षेत्र में पहुंचने के दौरान विमान में सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर डायवर्ट करने का फैसला लिया गया।


आइसोलेशन बे में विमान की जांच

जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान को सामान्य पार्किंग क्षेत्र से अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की सघन तलाशी ली। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।


स्क्वॉक कोड 7500 दबाने की सूचना

सूत्रों के हवाले से बताया गया कि विमान जब मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (FIR) में था, उसी दौरान पायलट ने कथित तौर पर स्क्वॉक कोड 7500 दबाया। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल हाईजैक या विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है। इसके बाद विमान को जयपुर की ओर मोड़ दिया गया।


मालवीय नगर के सहायक पुलिस आयुक्त शिव दयाल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस को बम की धमकी के बाद फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


फिलहाल, विमान में यात्रियों की कुल संख्या और सुरक्षा अलर्ट के सटीक कारण को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।