लव मैरिज से नाराज माता-पिता ने समधन को पेट्रोल डालकर जिन्दा फूंक डाला
बेटी की प्रेम विवाह (लव मैरिज) से नाराज माता-पिता ने प्रतिशोध में लड़के की मां (समधन) पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस जघन्य हमले में गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
N4N डेस्क: बेटी की प्रेम विवाह (लव मैरिज) से नाराज माता-पिता ने प्रतिशोध में लड़के की मां (समधन) पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस जघन्य हमले में गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह ह्रदय विदारक और रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना चिक्कबल्लापुर जिले के पाटपाल्या थाना क्षेत्र की है। संगतापल्ली गाँव के अंबरीश और सिंगप्पागारीपल्ली की प्रतिभा एक-दूसरे से प्रेम करते थे। प्रतिभा के परिवार के कड़े विरोध के बावजूद, दोनों ने भागकर एक मंदिर में शादी कर ली।
बेटी के इस कदम से प्रतिभा के माता-पिता का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए माता-पिता ने तुरंत अंबरीश के घर पर धावा बोल दिया। पहले उन्होंने बेटी प्रतिभा के कपड़े, किताबें और स्टेशनरी जैसे सामानों पर पेट्रोल डालकर आग लगाई।
इसी दौरान, जब अंबरीश की मां बयम्मा वहाँ आईं, तो प्रतिशोध की आग में जल रहे प्रतिभा के माता-पिता ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने बयम्मा पर भी पेट्रोल छिड़ककर उन्हें जिंदा जला दिया।
पीड़ित की हालत गंभीर, पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया और बुरी तरह से झुलसी बयम्मा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बयम्मा को इलाज के लिए बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित परिवार ने इस क्रूर हमले के लिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बागेपल्ली तालुक के पाटपाल्या पुलिस स्टेशन ने इस संबंध में प्रतिभा के माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।