बगहा में वारंटी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम से भिड़ंत! थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी चोटिल

नौरंगिया थाना में दर्ज केस के अभियुक्त भूलन बीन और नागेंद्र बीन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया। अशोक बीन समेत करीब 15 लोग मौके पर पहुंचे और नागेंद्र बीन को पुलिस कब्जे से छुड़ा लिया

Bagaha Clash- फोटो : news4nation

Bihar News : बगहा में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। नौरंगिया थाना क्षेत्र में बुधवार की रात हुई इस घटना में थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मी मामूली चोटिल होने की खबर है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए वारंटी को अशोक बीन और अन्य लोगों ने पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।


जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात नौरंगिया थाना में दर्ज केस के अभियुक्त भूलन बीन और नागेंद्र बीन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि इसके बाद अशोक बीन समेत करीब 15 लोग मौके पर पहुंचे और नागेंद्र बीन को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया।


इस दौरान पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई, जिसमें थानाध्यक्ष राज रौशन सहित पांच पुलिसकर्मी मामूली चोटिल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


मामले को लेकर डीएसपी निहार भूषण ने बताया कि नौरंगिया थाना की पुलिस एक वारंटी को गिरफ्तार करने गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की गई। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

धीरज पराशर की रिपोर्ट