Bihar Crime: आपत्तिजनक हालत में देख पति का फूटा गुस्सा, कर दिया बड़ा कांड

Bihar Crime: बहुचर्चित दशरथ गोस्वामी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ...

आपत्तिजनक हालत में देख पति का फूटा गुस्सा- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांका के सुइया थाना क्षेत्र के बहुचर्चित दशरथ गोस्वामी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से मामले की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी को दशरथ के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पति प्रेम गोस्वामी उर्फ पिंकू गोस्वामी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस जांच के अनुसार, 23 अगस्त की रात करीब 10 बजे प्रेम गोस्वामी अपने दो साथियों प्रमोद गोस्वामी और संदीप गोस्वामी के साथ घर पहुंचा। वहां उसने अपनी पत्नी हेमंती देवी को दशरथ के साथ देख लिया। इसके बाद कथित तौर पर गुस्से में तीनों ने दशरथ की हत्या कर दी।पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर दशरथ की जान ली। इसके बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के लिए शव के पेट को चीरकर उसमें भारी पत्थर बांध दिया गया और शव को कुएं में डाल दिया गया।

दशरथ के लापता होने के बाद उसके पिता छोटन गोस्वामी ने 24 जुलाई को सुइया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने CDR, एफएसएल और स्वान दस्ते की मदद ली। इसी क्रम में 27 अगस्त की सुबह वादी के घर के समीप स्थित कुएं से दशरथ का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इसके बाद वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की।

एसपी के निर्देश और बेलहर एसडीपीओ सुमित शेखर की निगरानी में विशेष टीम ने लगातार छापेमारी की। 10 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर देवघर के चित्रा थाना क्षेत्र से प्रेम गोस्वामी उर्फ पिंकू गोस्वामी और हेमंती देवी को गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरे आरोपी प्रमोद गोस्वामी को जेरुवा गांव से दबोचा गया।

पुलिस के मुताबिक मामले का चौथा आरोपी संदीप गोस्वामी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार, सुइया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, DIU बांका, STF और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट