Bihar Crime: बैंक में गूंजी गोली की आवाज, कैश वैन के गार्ड की बंदूक से फायरिंग, कर्मचारी लहूलुहान, डर कर भागने लगे लोग

Bihar Crime: बेगूसराय के व्यस्त कारोबारी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब यूको बैंक की मुख्य शाखा अचानक गोली चलने की आवाज से दहल उठी।...

बैंक में गूंजी गोली की आवाज- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेगूसराय के व्यस्त कारोबारी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित यूको बैंक की मुख्य शाखा अचानक गोली चलने की आवाज से दहल उठी। बैंक में मौजूद ग्राहक, कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले एक युवक खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। कुछ क्षणों के लिए पूरा बैंक परिसर चीख-पुकार और भगदड़ का मैदान बन गया।

घटना रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित यूको बैंक की मुख्य शाखा की है, जहां रोज की तरह बैंकिंग गतिविधियां चल रही थीं। इसी दौरान कैश मैनेजमेंट कंपनी एसआईएस की कैश वैन नकदी लेने बैंक पहुंची थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कैश ट्रांसफर की प्रक्रिया चल रही थी और बैंक का डेली वेजेस ऑफिस बॉय 31 वर्षीय अनिल दीक्षित कैश बॉक्स को वैन में रखने का काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। पहले तो लोगों को लगा कि कोई तकनीकी खराबी हुई है, लेकिन अगले ही पल अनिल दीक्षित दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ा। उसकी दाहिनी जांघ से तेजी से खून बह रहा था। यह देखकर बैंक परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कैश वैन में तैनात सुरक्षा गार्ड वरुण सिंह की लाइसेंसी बंदूक से अचानक फायर हो गया। गोली सीधे अनिल दीक्षित की जांघ में जा लगी। घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया। बैंक के अंदर मौजूद ग्राहकों में भी अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। घायल युवक को आनन-फानन में स्थानीय लोगों और बैंक कर्मचारियों की मदद से शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोट लगी है और उसका इलाज लगातार जारी है। अस्पताल प्रशासन उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

उधर घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कैश वैन गार्ड वरुण सिंह को हथियार सहित हिरासत में ले लिया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान गार्ड ने दावा किया कि हथियार उसके हाथ से छूटकर नीचे गिर गया था, जिससे अनजाने में गोली चल गई। हालांकि पुलिस इस बयान की पुष्टि करने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं हथियार संचालन में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।

सदर एएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का प्रतीत होता है। सुरक्षा कर्मी के लाइसेंसी हथियार से गोली चली, जिसमें बैंक का एक कर्मचारी घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बैंक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। घटना ने एक बार फिर हथियारों के सुरक्षित संचालन और कैश ट्रांसपोर्ट सिस्टम में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू की तहकीकात में जुटी है ताकि यह साफ हो सके कि यह महज हादसा था या फिर किसी लापरवाही का नतीजा।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री