Bihar Crime: अपहरण कर पीट-पीटकर हत्या, पुरानी रंजिश में इंटर छात्र का मर्डर, दियारा में मिला शव, वीडियो आया सामने

Bihar Crime: एक इंटर छात्र का पहले अपहरण किया गया और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।...

इंटर छात्र का अपहरण कर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक इंटर छात्र का पहले अपहरण किया गया और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बेगूसराय  जिले में अपराध की एक और दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया है।मुफस्सिल पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कंकौल गांव में एक इंटर छात्र का पहले अपहरण किया गया और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को खगड़िया जिले के दियारा इलाके में फेंक दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

मृतक की पहचान राम उदय यादव के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह छात्रवृत्ति योजना का फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। कुछ ही देर बाद खुलासा हुआ कि गांव के ही मोहित यादव उर्फ कारेलाल ने उसे बाइक पर बैठाकर कहीं ले गया था।

आरोप है कि इस पूरी वारदात में मोहित यादव और एक अन्य युवक विकास यादव शामिल हैं। दोनों पर मिलकर छात्र का अपहरण करने और फिर उसकी हत्या कर शव को दियारा में फेंकने का गंभीर आरोप है।सबसे सनसनीखेज बात यह है कि अपहरण का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विकास कुमार को बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए देखा जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होते ही इलाके में गुस्सा और दहशत दोनों बढ़ गए हैं।

परिजनों का कहना है कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है। आरोप है कि कुछ महीने पहले एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर छात्र के छोटे भाई के नाम से अश्लील सामग्री वायरल की गई थी। इस मामले में शिकायत के बाद एक आरोपी को पहले जेल भी भेजा गया था, लेकिन हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद उसने बदला लेने की साजिश रची।परिजनों का आरोप है कि यही पुरानी दुश्मनी इस जघन्य हत्या की वजह बनी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मुफस्सिल पुलिस थाना पहुंच गए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। सदर-1 डीएसपी के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, वीडियो फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की परतें खोलने में जुटी है।यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि सोशल मीडिया विवाद, पुरानी रंजिश और बढ़ते अपराध के खतरनाक गठजोड़ की एक और भयावह मिसाल बनकर सामने आई है, जिसने पूरे बेगूसराय को झकझोर कर रख दिया है।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री