Bihar News: दीपावली-छठ से पहले मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, मिठाई दुकानों में छापेमारी

Bihar News: दीपावली और छठ महापर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है।

मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar News: दीपावली और छठ महापर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। त्योहारों के मद्देनजर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग में भी लगातार इजाफा हो रहा है। इसी बीच आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मुहैया कराने के मकसद से बेतिया और बगहा में मिठाई दुकानों तथा मिठाई बनाने वाले कारखानों में छापेमारी अभियान चलाया गया।

जिला प्रशासन की टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और उनके रखरखाव की बारीकी से पड़ताल की। देर शाम तक चले इस जांच अभियान के दौरान कई दुकानों और मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों के भीतर स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य सामग्रियों को सुरक्षित तरीके से रखने और साफ-सफाई के निर्धारित मानकों के पालन में भी कई खामियां उजागर हुईं।

प्रशासनिक जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले दो प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की बात सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद मिठाई कारोबारियों और दुकानदारों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों की आड़ में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इस संबंध में एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिठाई दुकानों और मिठाई बनाने वाले कारखानों की जांच की गई है। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में हाइजीन यानी स्वच्छता की कमी पाई गई। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रखरखाव और सामान्य साफ-सफाई में भी लापरवाही सामने आई है।

एसडीएम ने दो टूक कहा कि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। मिठाई दुकानों के साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावट, गंदगी अथवा अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस सख्ती का मकसद त्योहारों के दौरान लोगों को मिलावटरहित मिठाइयां और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। 

रिपोर्ट- आशीष कुमार