Bihar Crime:पुराने हत्याकांड की रंजिश में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Bihar Crime: पुराने हत्याकांड से जुड़े विवाद के बीच एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ...

युवक को मारी गोली- फोटो : social Media

Bihar Crime: भोजपुर जिले के आरा में पुराने हत्याकांड से जुड़े विवाद के बीच एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग स्थित डीके कार्मेल स्कूल के समीप विजयादशमी यानी मंगलवार की रात बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने होमगार्ड जवान के बेटे अमरजीत कुमार यादव (33) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली उसके कंधे के पास लगी, जबकि दूसरी गोली सिर के पास से निकल गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घायल अमरजीत किसी तरह घटनास्थल से निकलकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

होटल में खाना खाने जा रहा था युवक, तभी बदमाशों ने की फायरिंग

जानकारी के अनुसार, अमरजीत कुमार यादव मौलाबाग वार्ड संख्या 13 का निवासी है। वह होमगार्ड जवान संजय यादव का पुत्र है। उसके पिता आरा नगर निगम में वाहन चलाते हैं। अमरजीत ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात वह बाइक से होटल में खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान डीके कार्मेल स्कूल के समीप स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाकर गोलियां चलाने लगे।

अचानक हुई फायरिंग से वह संभल नहीं सका। एक गोली उसके कंधे के पास लगी, जबकि दूसरी गोली सिर के पास से निकल गई। इसके बावजूद वह किसी तरह वहां से जान बचाकर घर पहुंचा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

आदर्श हत्याकांड से जुड़ रही हमले की कड़ी

प्रारंभिक जांच में गोलीबारी की इस वारदात को करीब सात महीने पहले हुए आदर्श कुमार हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। घायल अमरजीत ने पुलिस को बताया कि पुराने हत्याकांड के बाद से उसे और उसके भाइयों को लगातार धमकियां मिल रही थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के कारण उस पर हमला किया गया हो।हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की तफ्तीश कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हमला आदर्श हत्याकांड से जुड़ी दुश्मनी का नतीजा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।