Bihar Crime: चोरी का विरोध करने पर महिला की गर्दन रेतने की कोशिश, हालत नाजुक, भोजपुर में खौफनाक वारदात

Bihar Crime: चोरी के दौरान विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया।दरिंदों ने बाल पकड़कर धारदार हथियार से महिला की गर्दन पर आगे-पीछे कई वार किए,...

दरिंदगी की हदें पार- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर के बिहिया नगर से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरी के दौरान विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। शनिवार देर रात बेखौफ चोरों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय अनु कुमारी पर ऐसा जानलेवा हमला किया कि पूरा इलाका सन्न रह गया। दरिंदों ने बाल पकड़कर धारदार हथियार से महिला की गर्दन पर आगे-पीछे कई वार किए, मानो उसकी गर्दन को धड़ से अलग करने की साजिश हो।

घटना बिहिया थाना क्षेत्र के वार्ड-14 की है, जहां आशीष कुमार वर्मा की पत्नी अनु कुमारी अपनी मासूम बेटी आरोही के साथ कमरे में सो रही थीं। देर रात 2-3 की संख्या में घुसे चोर कमरे में चोरी कर रहे थे। सामान खड़खड़ाने की आवाज से महिला की नींद खुली और जैसे ही उसने शोर मचाने की कोशिश की, एक चोर ने उस पर खूनी हमला बोल दिया। बेरहमी की हद पार करते हुए गर्दन के आगे करीब 9 सेंटीमीटर और पीछे तीन जगहों पर गहरे जख्म दिए गए।

इस खौफनाक मंजर के बीच बेटी आरोही किसी तरह कमरे से बाहर निकली और चीख-पुकार मचाई। आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और एक चोर को दबोच लिया, जबकि बाकी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। खून से लथपथ अनु कुमारी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टर विकास के अनुसार, गर्दन पर गहरे जख्म और अत्यधिक खून बहने के कारण स्थिति बेहद गंभीर है। ऑपरेशन किया जा चुका है, लेकिन अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जंग जारी है।

इस दौरान अस्पताल में एक भावुक नजारा भी देखने को मिला, जब देवर आदित्य कुमार ऑपरेशन थिएटर के बाहर नहीं, बल्कि अंदर स्ट्रेचर के पास खड़े होकर अपनी भाभी के पैरों को सहलाते हुए मंत्रोच्चार कर रहे थे। वह लगातार उनकी सलामती की दुआ करता रहा। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और बाकी फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है और लोगों के दिलों में एक ही सवाल है क्या अब अपने ही घर में सुरक्षित रहना भी मुश्किल हो गया है?

रिपोर्ट- आशीष कुमार