Bihar Crime: भोजपुर में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार
Bihar Crime: भोजपुर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। ...
Bihar Crime: भोजपुर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत आयर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुलारपुर गांव में छापेमारी कर अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अवधेश कुमार सिंह और उनके पुत्र सतरंजन कुमार सिंह उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को आयर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दुलारपुर गांव निवासी अवधेश कुमार सिंह और उनके पुत्र सतरंजन कुमार सिंह अपने घर में अवैध हथियार, गोली और शराब छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।इसके बाद जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के दिशा-निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बिना देरी किए संदिग्धों के घर की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से दोनों आरोपित घबरा गए और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
छापेमारी में राइफल, 34 जिंदा कारतूस और शराब बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों के घर और परिसर की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान एक .315 बोर की राइफल, 34 जिंदा कारतूस, 10 खाली खोखे, राइफल की सफाई के पांच उपकरण, एक फुलथू और तीन पीतल के ब्रश बरामद किए गए। इसके अलावा 375 मिलीलीटर विदेशी शराब की एक बोतल भी जब्त की गई।
लाइसेंसधारी की मौत के बाद भी रखी गई थी राइफल
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि बरामद राइफल उनके परिवार के सदस्य के नाम से लाइसेंस पर ली गई थी। इस संबंध में सतरंजन कुमार सिंह ने पुलिस के समक्ष राइफल और लाइसेंस पुस्तिका प्रस्तुत की। पुलिस ने दोनों को जब्त कर जांच शुरू की।जांच के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई कि राइफल के लाइसेंसधारी की करीब दो वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, बरामद 34 जिंदा कारतूस और 10 खाली खोखों के संबंध में आरोपित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
अवधेश कुमार सिंह (49 वर्ष), पिता- केशव प्रसाद सिंह, सतरंजन कुमार सिंह उर्फ नेपाली (36 वर्ष), पिता- अवधेश कुमार सिंह को पुलिस ने दबोचा है। दोनों आरोपित भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलारपुर गांव के निवासी हैं।
शराबबंदी और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में आयर थाना कांड संख्या 107/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस, खोखे और शराब को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और बरामद सामान से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
भोजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के भंडारण और शराब के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट- आशीष कुमार