Bihar News: सीएम नीतीश के गृह जिला में डबल मर्डर, लड़का-लड़की के सिर में मारी गोली, इस कारण दी गई घटना को अंजाम

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अब नालंदा में डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया गया है। अपराधियों ने लड़का-लड़की के सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

Nalanda double murder- फोटो : social media

Bihar News:  बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस एक मामले का खुलासा भी नहीं करती की अपराधी कई घटना को अंजाम दे देते हैं। ताजा मामला नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरावां गांव का है। जहां बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस झड़प में अन्नू कुमारी (19 वर्ष) और हिमांशु कुमार (16 वर्ष) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों को गंभीर हालत में मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

लड़का-लड़की की गोली मारकर हत्या

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। अन्नू चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और नर्सिंग की तैयारी कर रही थी। वहीं हिमांशु पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था जो गांव में अखंड कीर्तन के व्रत पर था और दुकान से चीनी लेने निकला था। परिजनों ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। अन्नू के चाचा रंजन ने कहा कि, मॉडल अस्पताल में वेंटिलेशन तक की सुविधा नहीं है। इमरजेंसी केस आने पर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है।

बच्चों के विवाद में हत्या 

अन्नू की मां सुशीला देवी ने बिलखते हुए कहा कि, मेरी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था। दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। हिमांशु के पिता संतोष पासवान ने बताया कि, बच्चों के झगड़े में बड़े कूद पड़े और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बेटा तो सिर्फ चीनी लाने गया था। गोली लगने से उसके सिर का हिस्सा 10 फीट दूर जाकर छज्जे में चिपक गया।

 गांव में पुलिस कैंप

ग्रामीणों के मुताबिक, लाइब्रेरी में बच्चों के झगड़े ने तूल पकड़ा। पहले जमकर रोड़ेबाजी हुई फिर दोनों ओर से करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग हुई। उस समय गांव में अखंड कीर्तन चल रहा था जिसकी आवाज में गोलियों की आवाज दब गई। घटना के बाद डुमरावां गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि दो बच्चों की हत्या के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस कैंप कर रही है। मामले की गहन छानबीन जारी है।