BIHAR DOWRY MURDER - बाइक की चाहत में घर की बहू को दे दी फांसी, एक साल पहले धूमधाम से लेकर आए थे घर
BIHAR DOWRY MURDER - दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालवालों ने विवाहिता को फांसी के फंदे पर लटका दिया। जिसके बाद पूरा ससुराल परिवार फरार है। वही बताया गया एक साल पहले मृतका की शादी हुई थी।

SAHARSA - बिहार में एक और विवाहिता ने दहेज के फंदे पर झूलकर अपनी जान गंवा दी। इस बार मामला सहरसा जिले से जुड़ा है। जहां बाइक की चाहत में ससुरालवालों ने घर की बहू की हत्या कर उसके शव को फंदे पर लटका दिया। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं, जिससे मामला और अधिक संदेहास्पद हो गया है। वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मामला जिले के बसनही थाना क्षेत्र बलेता गांव से जुड़ा है। मृत विवाहिता का नाम गुड़िया पति दीपक कुमार (21 साल) बताया गया। गुड़िया के पिता मनोज यादव मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के उदाकिशुनगंज के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि एक साल पहले उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से बड़े धूमधाम के साथ बेटी की शादी की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि ससुराल वाले लगातार बाइक की मांग कर रहे थे। लेकिन जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो गुड़िया को प्रताड़ित किया जाने लगा और अंततः उसकी हत्या कर दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि ससुराल वाले इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि शुरू से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर परेशान करते थे। होली के दिन जब घर-घर खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, उस समय यह खबर आग की तरह फैल गई, जिससे मृतका के मायके और गांव दोनों जगह मातम पसर गया। लोगों ने बताया कि गुड़िया खुशमिजाज और मिलनसार लड़की थी, उसकी मौत से हर कोई स्तब्ध है।