पटना में खूनी संघर्ष: चुनावी रंजिश और जुआ खेलने से रोकने पर मुखिया के बेटे और भाई पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पटना रेफर

पटना जिले के बाढ़ थाना अंतर्गत कोन्दी स्टैंड में चुनावी रंजिश और अवैध जुआ खेलने से रोकने को लेकर बदमाशों ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हिंसक वारदात में मुखिया के 15 वर्षीय पुत्र और उनके 25 वर्षीय भाई को गोलियां लगी हैं, जबकि कई अन्य लोग घायल ह

बाढ़ में मुखिया के बेटे और भाई को मारी गोली- फोटो : रवि शंकर

Patna : राजधानी पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र के कोन्दी स्टैंड में रविवार को चुनावी रंजिश और अवैध जुआ खेलने से रोकने को लेकर बदमाशों ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हिंसक वारदात में दो युवकों को गोली लग गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बदमाशों ने बेढना पूर्वी पंचायत के वर्तमान मुखिया राजकुमार के 15 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार और उनके सगे भाई 25 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार (पिता रामप्रवेश गोप) को निशाना बनाकर गोली मारी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


शिक्षक समेत तीन लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप

बासोबागी गांव के रहने वाले पीड़ित मुखिया राजकुमार ने स्थानीय पुलिस को दिए बयान में गांव के ही एक शिक्षक राकेश कुमार, उसके भाई राजेश कुमार उर्फ 'मटरू' और भुल्लू यादव पर गोली मारने का सीधा और गंभीर आरोप लगाया है। मुखिया का कहना है कि आगामी पंचायत चुनाव नजदीक आ रहे हैं और इसी राजनीतिक रंजिश व पुरानी दुश्मनी के कारण उनके परिवार को खत्म करने की नीयत से उनके बेटे और भाई पर जानलेवा हमला किया गया है।


गर्मी की छुट्टी में घर आया था मासूम छात्र

घायलों के परिजनों ने बताया कि मुखिया का बेटा साहिल कुमार बिहारशरीफ के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। इन दिनों वह अपनी गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपने पैतृक घर आया हुआ था। रविवार को वह अपने परिजनों के साथ कुछ जरूरी सामान लेने बाजार गया था। बाजार से घर वापस लौटने के दौरान कोन्दी स्टैंड के पास भारी भीड़ देखकर वह कौतूहलवश वहां रुक गया, जहाँ कुछ असामाजिक तत्व सरेआम अवैध जुआ खेल रहे थे।


जुआ रोकने पर शुरू कर दी गोलियों की बौछार

भीड़ के बीच हो रहे अवैध जुए को देखकर साहिल ने बदमाशों को ऐसा करने से मना किया। साहिल के विरोध करते ही वहां मौजूद जुआरियों और अपराधियों का पारा चढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घात लगाए बैठे बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक गोली मासूम साहिल के शरीर में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली उसके चाचा पुरुषोत्तम कुमार को लगी, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।


अनुमंडलीय अस्पताल से पटना रेफर, जांच में जुटी पुलिस

बाजार में गोलीबारी की सूचना मिलते ही मुखिया के परिजन और ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहाँ डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस घटनास्थल से खोखे बरामद कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

रवि शंकर की रिपोर्ट