जहानाबाद मे रेलवे ट्रैक के समीप मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रेलवे ट्रैक के समीप मिला युवक का शव- फोटो : रंजीत कुमार

Jehanabad : जिले के परस बिगहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान जहानाबाद शहर के बड़ी संगत मोहल्ला निवासी सौरभ कुमार, पिता विजय कुमार सिन्हा के रूप में की गई है। मृतक मुजफ्फरपुर में 'बजाज फाइनेंस कंपनी' में कार्यरत था और सोमवार को ही मुजफ्फरपुर से अपने घर आया था। सुबह स्थानीय निवासियों द्वारा रेलवे ट्रैक के पास शव देखे जाने और पर्स में मौजूद कागजातों से मिले नंबर के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी गई।


दोस्तों से मिलने निकला था युवक, देर रात से बंद था मोबाइल 

परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम सौरभ अपनी स्कूटी से दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से बाहर निकला था। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क साधने का प्रयास किया, लेकिन फोन लगातार बंद मिला। किसी अनहोनी की आशंका के बीच परिजन पूरी रात अपने स्तर से विभिन्न स्थानों पर उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया।


सिम गायब और दूर खड़ी स्कूटी से गहराया हत्या का संदेह 

घटनास्थल की परिस्थितियों ने मामले में साजिशतन हत्या का संदेह गहरा दिया है। परिजनों का आरोप है कि सौरभ का शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया था, जबकि उसका मोबाइल रिसेट कर उससे सिम कार्ड निकाल दिया गया था। इसके अतिरिक्त, उसकी स्कूटी भी घटनास्थल से काफी दूरी पर दूसरी जगह लावारिस स्थिति में पाई गई। मृतक के परिजनों ने इन संदिग्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।


फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस ने शुरू की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही परस बिगहा थानाध्यक्ष सर्वनारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा बुलाई गई फॉरेंसिक (FSL) टीम ने भी मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीडीआर से खुलेगा राज 

पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मृतक के मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस युवक के दोस्तों और अंतिम समय में उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

रंजीत की रिपोर्ट