Chhattisgarh ACB Trap News: कांकेर में स्टेट जीएसटी सहायक आयुक्त अंचला गिरी 1.5 लाख घूस लेते गिरफ्तार, नाली में फेंके थे नोट, निलंबित
छत्तीसगढ़ के कोरबा में रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी पर निलबंन की गाज गिरी है. आंचल गिरी पर कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है.
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट जीएसटी (GST)विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी (आंचल गिरी) को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में रिश्वत की मध्यस्थता करने वाले सीए (CA) इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी टीम को देख नाली में फेंके रुपये
यह कार्रवाई शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अंचला गिरी के कांकेर स्थित निवास पर की गई। रायपुर और जगदलपुर से पहुंची 18 सदस्यीय संयुक्त एसीबी टीम को घर के सामने देखकर सहायक आयुक्त हड़बड़ा गईं और उन्होंने रिश्वत में मिले 1.50 लाख रुपये घर के बाहर नाली में फेंक दिए, लेकिन सतर्क टीम ने तुरंत नाली से रकम बरामद कर ली और हाथ धुलवाने की प्रक्रिया से रिश्वत लेने की वैज्ञानिक पुष्टि की।
वाहन छोड़ने और जीएसटी राहत के बदले मांगी थी घूस
एसीबी के अनुसार, कांकेर के कारोबारी शोएब रंगरेज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ई-वे बिल से जुड़े मामले में सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने उनके ट्रक को रोक दिया था। वाहन रिलीज करने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने के बदले 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी, साथ ही मांग पूरी न करने पर भारी चालानी कार्रवाई की धमकी दी गई थी और रकम सीए इमरान मेमन के माध्यम से पहुंचाने को कहा गया था।
ट्रैप प्लान के तहत रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
प्रार्थी रिश्वत देने के बजाय आरोपितों को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था और उसने साक्ष्यों के साथ एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाए जाने के बाद शनिवार को ट्रैप की योजना बनाई गई और दोनों को दबोच लिया गया।
आय से अधिक संपत्ति की जांच और निलंबन की कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने अंचला गिरी के निवास पर तलाशी अभियान शुरू किया है। डीएसपी रमेश कुमार मरकाम के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति के संदेह में चल-अचल संपत्ति, बैंक दस्तावेजों और निवेश रिकॉर्ड्स की जांच की जा रही है, वहीं छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने भी निलंबन कार्रवाई को लेकर आदेश जारी कर दिया है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
एसीबी ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी और मध्यस्थ इमरान मेमन (उम्र 30 वर्ष, निवासी संजय नगर, कांकेर) के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ जारी है और इस कार्रवाई से विभागीय व प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।