मोकामा विधायक की बढ़ी मुश्किलें ! अनंत सिंह से जुड़े गोपालगंज कांड मामले की जांच करेगी CID
Anant Singh : मोकामा विधायक अनंत सिंह से जुड़े गोपालगंज कांड मामले की जांच अब अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को सौंप दी गई है। इसे लेकर शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया गया। यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना में दर्ज किया गया था, जिसमें विधायक समेत कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है। जानकारी के अनुसार, मामला 2 और 3 मई को मीरगंज इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि कार्यक्रम में अनंत सिंह के पहुंचने के दौरान उनके समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कथित तौर पर हथियार लहराने और शक्ति प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
वीडियो सामने आने के बाद मीरगंज थाना में विधायक अनंत सिंह समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब इस मामले की जांच औपचारिक रूप से सीआईडी को ट्रांसफर कर दी गई है। माना जा रहा है कि मामले की संवेदनशीलता और राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए उच्च स्तर पर जांच कराने का फैसला लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दल जहां इसे कानून व्यवस्था से जोड़कर सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं अनंत सिंह समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं।
इधर, मामले में 30 मई को अदालत में अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। राजनीतिक और कानूनी नजरिए से इस सुनवाई को काफी अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर अदालत के फैसले और सीआईडी की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।