बिहार में 500 में बिक रहा चरित्र प्रमाण पत्र, थाने का वीडियो वायरल, पुलिस महकमे में हड़कंप
Bihar Police: बिहार से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने पुलिस महकमे की साख पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।...
Bihar Police: बिहार से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने पुलिस महकमे की साख पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। दरभंगा के लहेरियासराय थाने में चरित्र प्रमाण पत्र के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक दारोगा को खुलेआम रुपये लेते देखा जा रहा है, जिससे विभाग में हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि यह मामला लहेरियासराय थाना का है। हैरानी की बात यह है कि इसी इलाके में प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी, डीएम, एसएसपी और न्यायालय जैसे अहम दफ्तर मौजूद हैं। इसके बावजूद, कानून के रखवालों पर ही “नज़राना” लेने का इल्ज़ाम लगना व्यवस्था पर करारा तमाचा माना जा रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दारोगा जी थाने के बरामदे में बैठकर काम कर रहे हैं। इसी दौरान एक युवक अपने पर्स से रुपये निकालकर उन्हें थमाता है। जब युवक बाहर निकलता है और उससे पूछा जाता है कि रकम किस बात की दी गई, तो वह बेबाकी से बताता है कि चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए 500 रुपये दिए हैं। युवक ने वीडियो में अपना नाम और पता भी बताया है, जिससे मामला और संगीन हो गया है।
दरअसल, जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के नेतृत्व में पुलिस विभाग में इन दिनों सख्ती का दौर चल रहा है। रिश्वतखोरी, आरोपितों को मदद पहुंचाने और कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में अब तक दो दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारी निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि कुछ के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज हुई है। बावजूद इसके, ऐसे वीडियो का सामने आना विभागीय अनुशासन पर सवाल खड़े करता है।
एसएसपी ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी निगाहें जांच पर टिकी हैं क्या यह सिर्फ एक “500 रुपये” का मामला है, या फिर सिस्टम में जड़ जमा चुकी रिश्वतखोरी का बड़ा चेहरा?
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर