Bihar Corruption: आय से अधिक संपत्ति केस में कार्यपालक अभियंता दबोचे गए, चार ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी, निगरानी के शिकंजे से मचा हड़कंप

Bihar Corruption:भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी दबिश देते हुए ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को हिरासत में ले लिया।

आय से अधिक संपत्ति केस में कार्यपालक अभियंता दबोचे गए- फोटो : social Media

Bihar Corruption:भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी दबिश देते हुए ग्रामीण कार्य विभाग, बिरौल के कार्यपालक अभियंता को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के गंभीर मामले में की गई, जिससे विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया। निगरानी की आठ सदस्यीय टीम ने अभियंता को बिरौल स्थित कार्यालय से पकड़ा और मेडिकल जांच व प्रारंभिक पूछताछ के बाद अपने साथ पटना रवाना कर लिया।

यह कार्रवाई निगरानी डीएसपी विंध्याचल प्रसाद और इंस्पेक्टर शशिशेखर चौधरी के नेतृत्व में अंजाम दी गई। टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर सघन छापेमारी की। दरभंगा के बिरौल स्थित कार्यालय और लहेरियासराय की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराये के आवास के अलावा अभियंता के पटना स्थित निजी आवास और बेतिया स्थित पैतृक घर पर भी तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स को बारीकी से खंगाला गया।

सूत्रों के मुताबिक, बालेश्वर राम के खिलाफ उनकी वैध आय से करीब 90 लाख रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला निगरानी विभाग में दर्ज है। यह भी आरोप है कि बिरौल में पदस्थापित रहने के बावजूद अभियंता विभागीय कामकाज का बड़ा हिस्सा आवास से ही संचालित कर रहे थे, जिसकी शिकायत लगातार विभाग तक पहुंच रही थी। इसी इनपुट पर निगरानी ने गुप्त जांच के बाद कार्रवाई की।

गुरुवार शाम निगरानी की टीम तीन वाहनों में स्थानीय पुलिस के साथ लहेरियासराय पहुंची। तलाशी के दौरान कार्यालय और आवास से कोई बड़ी नकदी तो बरामद नहीं हुई, लेकिन कई अहम कागजात जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक और लेखा जांच की जा रही है। निगरानी डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने हिरासत की पुष्टि करते हुए कहा कि पूछताछ के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई होगी।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कांड संख्या 14/26 के तहत की गई है। रात करीब नौ बजे टीम अभियंता को अपने साथ लेकर दरभंगा गई। फिलहाल निगरानी की टीम दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी है। इस कार्रवाई से ग्रामीण कार्य विभाग में खौफ और बेचैनी का माहौल है, जबकि इलाके में देर रात तक इस गिरफ्तारी की सरगर्म चर्चा होती रही।