शराबबंदी वाले बिहार में शराब के रक्षक ही बने शराब के भक्षक! भारी मात्रा में दारू के साथ दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, विभाग में मचा हड़कंप
शराब के रक्षक ही शराब के भक्षक बन गए है। शराबबंदी वाले बिहार में शराबबंदी कानून को लागू कराने वाली पुलिस ही अब शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्त में आ गई है।
Bihar crine:गोपालगंज में एक सनसनी खेज मामला सामने आया है, जहां शराब के रक्षक ही शराब के भक्षक बन गए है। शराबबंदी वाले बिहार में शराबबंदी कानून को लागू कराने वाली पुलिस ही अब शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्त में आ गई है। जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 333 लीटर शराब के साथ दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार जवानों में अमित कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं। दोनों पुलिसकर्मी निजी वाहन से शराब की खेप लेकर जा रहे थे। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों द्वारा दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है और इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि गोपालपुर थाना की पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान कोर्टनरहवा गांव के समीप एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। जब वाहन में मौजूद लोगों की पहचान की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई, क्योंकि दोनों आरोपी खुद बिहार पुलिस के जवान निकले। गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में राहुल कुमार का प्रतिनियोजन डीआईयू में बताया जा रहा है, जबकि दूसरा जवान अमित कुमार पूर्व में एक विधायक का बॉडीगार्ड रह चुका है और वर्तमान में कुचायकोट डायल 112 में प्रतिनियुक्त था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अमित कुमार का विवादों से पुराना नाता रहा है।
जानकारी के अनुसार जवान अमित कुमार पूर्व में हर्ष फायरिंग के मामले में सस्पेंड भी हो चुका था। अब एक बार फिर शराब तस्करी के मामले में उसकी गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों की मानें तो दोनों जवान ड्यूटी खत्म करने के बाद अपनी निजी गाड़ी से निकले थे और उसी दौरान शराब की खेप के साथ पकड़े गए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
इस पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान दो पुलिस जवानों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों जवान निजी वाहन से शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और ऐसे में पुलिसकर्मियों का ही शराब तस्करी में शामिल पाया जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
रिपोर्ट नमों नारायण मिश्रा