Bihar Crime: मामूली सड़क हादसे से भड़की हिंसा,लाठी-डंडों की जंग में आधा दर्जन से अधिक घायल, चार गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार में एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते खूनी बवाल में तब्दील हो गया।...

मामूली सड़क हादसे से भड़की हिंसा- फोटो : reporter

Bihar Crime: गोपालगंज से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते खूनी बवाल में तब्दील हो गया। मांझा थाना क्षेत्र के धनकर रोड, धनकर गांव में क्रिकेट खेल रहे एक बच्चे को बाइक से ठोकर लगने के बाद दो पक्षों के बीच ऐसी कहासुनी हुई कि मामला लाठी-डंडों की जंग तक पहुंच गया। हिंसक झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चे सड़क किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान बाजार की ओर जा रही एक बाइक अचानक बच्चे से टकरा गई। टक्कर के बाद बच्चे के परिजन और बाइक सवार के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई। कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर तक चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घायलों को आनन-फानन में मांझा पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी लोगों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। एसपी के निर्देश पर दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

सदर एजीपीओ-2 सिधौलिया राजेश कुमार ने बताया कि बाइक की ठोकर को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आगे की जांच जारी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस की सतर्क निगरानी रखी जा रही है।

एक मामूली हादसे का इस कदर उग्र रूप लेना समाज में बढ़ती असहिष्णुता और त्वरित हिंसा की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अफवाहों से दूर रहने और कानून हाथ में न लेने की सख्त हिदायत दी है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा