JDU विधायक पप्पू पांडे के घर पर पुलिस रेड, SP विनय तिवारी की अगुवाई में दो टीमों का ताबड़तोड़ एक्शन,वारंट जारी होते ही विधायक फरार

Bihar Jdu MLA house raided:सत्ताधारी दल जेडीयू के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय और उनके भाई सतीश पांडेय के घर पर पुलिस ने ताबड़तोड़ रेड मारा है...

JDU विधायक के आवास पर पुलिस की ताबड़तोड़ रेड- फोटो : reporter

Bihar Jdu MLA house raided:गोपालगंज में सियासी भूचाल उस वक्त आ गया जब जेडीयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे के पैतृक गांव तुलसिया स्थित आवास पर पुलिस ने बड़ी रेड डाल दी। एसपी विनय तिवारी खुद पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया।जानकारी के मुताबिक, यह छापेमारी कुचायकोट थाना क्षेत्र में दर्ज FIR के आधार पर की गई है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जैसे ही पुलिस की दो विशेष टीमें एक साथ एक्शन में आईं, इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप फैल गया।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, हालांकि अभी आगे की जांच जारी है। विधायक की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं और मामला अब पूरी तरह से कानून के शिकंजे में कसता नजर आ रहा है।  गोपालगंज से एक बड़ा खुलासा सामने आया। सत्ताधारी दल जेडीयू के बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय और उनके भाई सतीश पांडेय की मुश्किलें अब कानून के शिकंजे में कसती नजर आ रही हैं। कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होते ही पुलिस ने उनके ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही दोनों आरोपी फरार हो गए।

मामला भू-माफियाओं को संरक्षण देने जैसे संगीन इल्जाम से जुड़ा है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर भारी पुलिस बल हथुआ के तुलसिया स्थित विधायक आवास पर पहुंचा। सुबह-सुबह हुई इस रेड में पुलिस ने हर कोना खंगाला, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। बताया जा रहा है कि इस केस में विधायक, उनके भाई सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी के खिलाफ ठोस सबूत मिलने के बाद ही कोर्ट ने वारंट जारी किया। इससे पहले भी इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिससे साफ है कि पुलिस इस पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने में जुटी है।

कुचायकोट थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, पप्पू पांडेय पर आरोप है कि उन्होंने न सिर्फ भू-माफियाओं को पनाह दी, बल्कि जमीन के अवैध सौदों में उनकी मदद भी की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई तेज कर दी गई। एसपी ने गिरफ्तारी के लिए दो स्पेशल टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द ही कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

बता दें कि पप्पू पांडेय गोपालगंज के कुचायकोट से लगातार चौथी बार विधायक हैं और इलाके में उनका खासा दबदबा रहा है। लेकिन इस बार मामला इतना संगीन है कि उनकी सियासी पकड़ भी उन्हें राहत दिलाने में नाकाम दिख रही है। 

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा