Bihar Crime: महासप्तमी के दिन में युवक के सीने पर चाकू से वार, हालत नाजुक, बच्चों के विवाद में खूनी खेल से इलाके में दहशत

Bihar Crime: बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।...

महासप्तमी के दिन में युवक के सीने पर चाकू से वार- फोटो : reporter

Bihar Crime: बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फुलवरिया थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोपालगंज में हमले में युवक के सीने पर चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है।

बाजार जाने के दौरान घेरकर किया हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के पवार बतराहा गांव से जुड़ी है। घायल युवक की पहचान जाहिद खान के 23 वर्षीय पुत्र इरफान खान के रूप में हुई है।बताया जाता है कि इरफान खान मिश्री बतराहा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और अचानक सीने पर चाकू से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से जख्मी इरफान जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

बच्चों के विवाद के बाद खूनी हमला!

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद की रंजिश में इरफान खान को निशाना बनाया गया। हालांकि, बच्चों के बीच हुए विवाद और चाकूबाजी की घटना के बीच संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

हालत नाजुक, गोरखपुर रेफर

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। सीने पर चाकू से वार किए जाने और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों के लिए यह घटना चिंता का सबब बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

इस वारदात के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी, प्राथमिकी और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।अब सवाल यह है कि बच्चों के बीच शुरू हुए विवाद ने आखिर इतना गंभीर रूप कैसे ले लिया? फिलहाल, घटना की असली वजह और दोषियों की जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा