रात में खाया नूडल्स... सुबह परिवार के पांच लोगों की मिली लाश, दंपती और तीन बच्चों की दर्दनाक मौत

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का अजीब मामला सामने आया है जिसमें बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने रात में नूडल्स खाया था लेकिन सुबह परिवार के सभी लोगों के लाश घर में मिली. घटना का खुलासा होते ही कोहराम मच गया ...

Couple and Three Children Found Dead - फोटो : news4nation

एक दिल दहलाने वाले मामले में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार को प्रकाश में आया यह मामला ग्रेटर नोएडा में उजागर हुआ। पुलिस को शुरुआती तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।


पुलिस के मुताबिक, घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव की है। शनिवार सुबह महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटी मिष्टी (7) और दो बेटे लड्डू (11) व साक्षात (3) मृत पाए गए। स्थानीय लोगों और महेश की मां के अनुसार, परिवार ने शुक्रवार रात खाने में नूडल्स खाए थे। इसके बाद ही यह घटना सामने आई।


फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने जुटाए नमूने

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की भी जांच

घटनास्थल पर पहुंचे जेवर से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने इस दुखद घटना की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को दी है। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि परिवार ने जो खाना खाया था, उसमें कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या मौत किसी अन्य वजह से हुई।


विधायक ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। एक ही परिवार के पांच सदस्यों, खासकर तीन बच्चों की इस तरह असमय मौत बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस, प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच करेंगी और जल्द स्पष्ट किया जाएगा कि आखिर पूरे परिवार की मौत कैसे हुई।