Bihar Crime: महिला को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
Bihar Crime: वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के आदलपुर में एक विवाहिता को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है।...
Bihar Crime: वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के आदलपुर में एक विवाहिता को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने से घायल महिला की पहचान दीवानी कुमारी के रूप में हुई है। उनकी शादी सोनू राय से हुई है और वह आदलपुर में ही रहती हैं। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 10 बजे की है। विवाहिता को गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।हालांकि, महिला को गोली किस परिस्थिति में लगी और वारदात के पीछे क्या वजह थी, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
घटनास्थल को लेकर परिजनों के अलग-अलग बयान
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान परिजनों के बयानों में घटनास्थल को लेकर विरोधाभास सामने आया है।कभी बताया जा रहा है कि गोली घर के बाहर चली, तो कभी दलान में गोली मारे जाने की बात कही जा रही है। इसके बाद घर के अंदर गोली लगने की जानकारी भी दी गई। बयानों में इस अंतर के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पीड़िता के बयान का इंतजार, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसने चलाई और इसके पीछे कोई विवाद था या नहीं।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है। पीड़िता के बयान को इस मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे घटना की परिस्थितियों और गोली चलाने वाले व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिल सकती है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पीड़िता के बयान देने की स्थिति में आने के बाद उनका फर्द बयान दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आदलपुर में हुई इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, घटनास्थल को लेकर सामने आए विरोधाभासी बयानों और गोली चलने की वजह का खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार