Crime News:दोस्ती के नाम पर दरिंदगी, भाभी कहने वाले देवर ने पिस्टल के बल पर की हैवानियत

Crime News: जिस महिला को युवक रिश्ते में भाभी कहकर पुकारता था, उसी की इज़्ज़त तार-तार कर देने का आरोप है। ...

भाभी कहने वाले देवर ने पिस्टल के बल पर की हैवानियत- फोटो : X

Crime News: जिस महिला को युवक रिश्ते में भाभी कहकर पुकारता था, उसी की इज़्ज़त तार-तार कर देने का आरोप है। घटना ने दोस्ती और भरोसे की बुनियाद को हिला कर रख दिया है।इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। हरियाणा के पलवल जिले के गदपुरी थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ पिस्टल के बल पर दुष्कर्म करने का संगीन इल्ज़ाम लगा है। 

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक वारदात 6 फरवरी की है। पीड़िता ने बयान दिया कि उस दिन वह घर पर अकेली थी और उसका पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान पति का दोस्त सागर घर पहुंचा। घर में दोस्त को न पाकर और महिला को तन्हा देख उसकी नीयत बिगड़ गई। आरोप है कि सागर ने अचानक पिस्टल निकाल ली और महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

पीड़िता के मुताबिक जाते-जाते आरोपी ने सख्त चेतावनी दी कि अगर उसने किसी से जुबान खोली तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को खत्म कर देगा। इस धमकी ने महिला को अंदर तक तोड़ दिया। वारदात के बाद वह गहरे सदमे में चली गई और गुमसुम रहने लगी। घरवालों ने उसके व्यवहार में बदलाव देखा तो बार-बार पूछताछ की। आखिरकार आंसुओं का बांध टूटा और उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी दास्तां बयान कर दी।

इसके बाद परिजन तुरंत उसे लेकर गदपुरी थाने पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सागर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहा है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।