पत्नी की सीने में उतारी गोली, आरोपी पति फरार, बेटा बहू ने पिता पर लगाया बड़ा आरोप

नवादा में हैवान बने पति ने पत्नी के सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। बेटे ने बताया कि पिता ने मां को घर पर बुलाया था। जिसके बाद यह घटना हो गई।

Nawada - नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार को पुरानी हरदिया के कचहरिया डीह में हुई। मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है, जो कचहरिया डीह निवासी गोपाल मिश्रा की पत्नी थीं।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। 

मृतक महिला के भैंसुर शंभु मिश्रा ने बताया कि उनके भाई गोपाल मिश्रा नशे का सेवन करते थे और अक्सर लोगों से झगड़ा करते रहते थे। उनके आक्रामक व्यवहार के कारण परिजनों से भी उनका मेलजोल नहीं था। शंभु मिश्रा के अनुसार  गोपाल मिश्रा ने अपनी पत्नी गीता देवी के सीने में गोली मार दी और ईंट भट्ठे की ओर भाग गया। भागने के दौरान उसने कुछ और फायर भी किए।

घटनास्थल पर गीता देवी का शव घर के पास पड़ा मिला। मृतक के पुत्र श्रीकांत कुमार और पुत्रवधू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे अपनी पत्नी, बहन और मां के साथ गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बुधुआ गांव स्थित अपने पैतृक घर में रहते थे।

श्रीकांत ने बताया कि उनके पिता ने शुक्रवार को उन पर काफी दबाव डालकर रजौली बुलवाया था। बेटे और बहू के गीता देवी को छोड़कर जाने के आधे घंटे के भीतर ही पिता ने उन्हें फोन कर बताया कि उनकी मां को गोली लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाकर इलाज करवाएं। हालांकि, जब वे हरदिया स्थित अपने घर पहुंचे, तो मां गीता देवी को मृत पाया।

रिपोर्ट - अमन सिन्हा