Indore Couple Case: 'राज के लिए राजा की हत्या'! पति पत्नी और वो में गई राजा रघुवंशी की जान, सोनम सहित 3 गिरफ्तार
Indore Couple Case: इंदौर कपल केस में बड़ा खुलासा हुआ है। पत्नी सोनम ने ही अपने पति की हत्या कराई थी ऐसी खबर सामने आ रही है। 17 दिन और 3 राज्यों में इस हत्याकांड के तार जुडे़ हैं जिसका खुलासा करने में पुलिस जुट गई है।
Indore Couple Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में नया मोड़ सामने आया है। राजा की पत्नी सोनम को 17 दिन बाद गिरफ्तार किया गया है। सोनम ने यूपी के गाजीपुर में सरेंडर किया है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब माना जा रहा है कि इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है। जानकारी अनुसार मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी भी शामिल पाई गई है। सोनम के साथ कथित तौर पर तीन सुपारी किलर भी मौजूद थे, जिन्हें मध्य प्रदेश से हायर कर मेघालय ले जाया गया था।
राज के लिए राजा की हत्या
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा से अफेयर था। राज के लिए सोनम ने अपनी पति राजा रघुवंशी की हत्या करा दी। राजा की हत्या कांड में राज कुशवाहा भी शामिल था। राजा की हत्या पेड़ काटने वाले दाओ से की गई थी। राजा का सड़ा गला शव पुलिस को मिला था। पुलिस अभी इस मामले में और खुलासा करेगी।
पत्नी ने कराई पति की हत्या
मेघालय पुलिस प्रमुख आई नोंगरांग ने पुष्टि की कि सोनम ने पति की हत्या के लिए तीन हमलावरों को मध्य प्रदेश से हायर किया था। हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। डीजीपी ने बताया कि, "हत्या के मामले में सोनम समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राजा की हत्या हनीमून ट्रिप के दौरान सुनियोजित तरीके से की गई थी।"
मुख्यमंत्री ने की पुलिस की सराहना
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनार्ड संगमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, "राजा हत्याकांड में पुलिस ने सात दिनों के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। मध्य प्रदेश के तीन हमलावर गिरफ्तार हुए हैं, एक महिला ने सरेंडर किया है। ऑपरेशन अब भी जारी है।"
राजा और सोनम की शादी से अब तक क्या क्या हुआ
बता दें कि, राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। दोनों 21 मई को गुवाहाटी पहुंचे, 22 मई को शिलॉन्ग गए। 23 मई से सोनम का फोन बंद आने लगा। 24 मई को एक पहाड़ी के पास उनकी किराये की स्कूटी लावारिस मिली। 2 जून को राजा की लाश एक खाई में मिली, सोनम लापता थी। जिसके बाद से ही पुलिस सोनम की तलाश में जुटी थी। पुलिस सोनम की तलाशी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था वहीं अब सोनम की गिरफ्तारी हो गई है.
राजा की हत्या की प्लानिंग का शक
सूत्रों के मुताबिक सोनम ने पहले ही मेघालय ट्रिप की योजना एक साजिश के तहत बनाई थी। मेघालय के एक लोकल गाइड ने बताया कि उसने 23 मई की सुबह सोनम और राजा को तीन अन्य पुरुषों के साथ देखा था। जो हिंदी में बात कर रहे थे और स्थानीय भाषा नहीं समझ पा रहे थे। इससे यह भी पुष्टि होती है कि हमलावर बाहरी थे।
पूछताछ में कई खुलासों की उम्मीद
अब जब सोनम और तीनों हमलावर पुलिस की गिरफ्त में हैं, तो पूछताछ से कई और राज खुल सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह हत्या सिर्फ प्रेम संबंधों के कारण हुई या इसके पीछे कोई आर्थिक या पारिवारिक विवाद भी था? इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस ने हनीमून की तस्वीर को एक दिल दहला देने वाली साजिश में बदल दिया है, जिसमें प्यार, विश्वासघात और हत्या का संगम साफ नजर आता है।