Bihar Stone Pelting on Police: DJ बंद कराने पहुंची पुलिस पर पथराव, झाझा थानाध्यक्ष समेत 6 घायल

Bihar Stone Pelting on Police: जमुई के झाझा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पर अश्लील गाना बजाने से रोकना पुलिस को भारी पड़ गया।...

पुलिस पर पथराव- फोटो : reporter

Bihar Stone Pelting on Police: जमुई के झाझा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पर अश्लील गाना बजाने से रोकना पुलिस को भारी पड़ गया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे झाझा थाना गेट के समीप पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया गया। घटना में थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह समेत करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।

बताया जा रहा है कि झाझा थाना क्षेत्र के सोहजना से भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए लोगों का जुलूस थाना की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान थाना के पास काफी देर तक डीजे पर कथित तौर पर अश्लील गाने बजाए जा रहे थे। थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि बात नहीं मानने पर पुलिस ने डीजे जब्त कर लिया।

इसके बाद विसर्जन जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पदाधिकारियों और थाना परिसर की ओर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरातफरी मच गई और करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने हाफ पैंट में ही आरोपितों का पीछा कर पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों के नशे में होने की बात सामने आई है। घटना के बाद करीब तीन घंटे तक झाझा थाना और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

स्थिति को नियंत्रित करने के बाद प्रशासन ने देर रात गणेश प्रतिमा का विसर्जन कराया। झाझा बीडीओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस अब पथराव की घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।वहीं सबसे बड़ा सवाल है कि जब थाना क्षेत्र में विसर्जन चल रहा था तो पुलिसवाले बिना वर्दी के क्यों थे।

रिपोर्ट- सुमित कुमार सिंह