Bihar Teacher News: फर्जी मैट्रिक प्रमाण पत्र पर बन गईं शिक्षिका, 19 साल बाद खुला राज, निगरानी की जांच में ऐसे हुआ खुलासा

Bihar Teacher News: फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षक की नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है।...

फर्जी मैट्रिक प्रमाण पत्र पर बन गईं शिक्षिका- फोटो : X

Bihar Teacher News: फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षक की नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है।जहानाबाद जिले  के घोसी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय डहरपुर में पदस्थापित शिक्षिका बिंदु कुमारी के खिलाफ निगरानी विभाग के निर्देश पर घोसी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जांच में उनके मैट्रिक के अंक पत्र को फर्जी पाया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से कराए गए सत्यापन में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि शिक्षिका के अंक पत्र पर दर्ज रोल नंबर के वास्तविक परीक्षार्थी का नाम बिंदु कुमारी नहीं, बल्कि विनोद कुमार है।

मामले में निगरानी विभाग के डीएसपी विंध्याचल प्रसाद के पत्र संख्या 5829 के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई पटना हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका संख्या 15459/14 में पारित आदेश के तहत नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच के दौरान की गई। इस जांच के लिए जिला स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में जहानाबाद के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और घोसी प्रखंड की नियोजन इकाई से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

जांच में सामने आया कि बिंदु कुमारी, पिता दुलारचंद शर्मा और पति वीरेंद्र कुमार, निवासी गंधार, पोस्ट बंधुगंज, थाना घोसी का नियोजन वर्ष 2007 में उत्क्रमित मध्य विद्यालय डहरपुर में प्रखंड शिक्षिका के पद पर हुआ था। उनका चयन मैट्रिक और शिक्षक प्रशिक्षण में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेधा सूची के अनुसार किया गया था।

दस्तावेजों के मुताबिक, शिक्षिका ने मैट्रिक परीक्षा 1984 का अंक पत्र प्रस्तुत किया था। इसमें रोल कोड 3229, रोल नंबर 347 और कुल 607 अंक के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने का उल्लेख था। निगरानी विभाग ने इस प्रमाण पत्र का बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से सत्यापन कराया। बोर्ड की ओर से भेजी गई प्रमाणित प्रति में इसी रोल कोड और रोल नंबर के सामने परीक्षार्थी का नाम विनोद कुमार दर्ज मिला।

इस तरह शिक्षिका के नाम से प्रस्तुत मैट्रिक अंक पत्र और बोर्ड के मूल रिकॉर्ड में बड़ा अंतर सामने आया। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर प्रमाण पत्र को फर्जी करार दिया गया और अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

घोसी थाना में कांड संख्या 588/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। करीब 19 साल पहले हुए नियोजन से जुड़े इस मामले में अब जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की पड़ताल की जा रही है...