Bihar Crime:शराबबंदी में महिलाओं का तस्करी गैंग,स्टेशन पर 9 महिलाएं समेत 10 गिरफ्तार

Bihar Crime: पुलिस ने शराब के साथ 9 महिलाओं को धर दबोचा है।...

महिलाओं का तस्करी गैंग- फोटो : reporter

Bihar Crime:शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करी पर पुलिस की सख्ती के बावजूद तस्करों के हौसले कम होते नहीं दिख रहे हैं। अब भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से ऐसा मामला सामने आया है, जहां शराब तस्करी के आरोप में 9 महिलाओं समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। क्या ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों को शराब तस्करी का नया रास्ता बनाया जा रहा है? भभुआ रोड स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जीआरपी पुलिस और आरपीएफ की CPDS टीम (DDU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक पुरुष और नौ महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के पास से कुल 46.640 लीटर शराब जब्त की गई।

बरामद शराब में 3.24 लीटर विदेशी शराब और 43.8 लीटर देशी शराब शामिल है। शराब की बरामदगी के बाद रेल थाना भभुआ रोड में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। CPDS टीम के संदीप कुमार की शिकायत के आधार पर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम, 2022 की धारा 30(a) के तहत कांड संख्या 27/26 दर्ज किया गया है।

मामले का अनुसंधान पुलिस अवर निरीक्षक रामचंद्र राम को सौंपा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के भगवानपुर निवासी सत्येन्द्र पाण्डेय, उम्र 56 वर्ष, शामिल हैं। वहीं रोहतास जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की निवासी राजमुनी देवी, इन्द्रमणी देवी, विंध्याचली कुमारी, सुमन देवी, डोमनी देवी, संजू देवी, शिमला देवी, निभा देवी और कविता देवी को भी गिरफ्तार किया गया है।

रेल पुलिस के मुताबिक, ट्रेनों और स्टेशन परिसरों के जरिए शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भभुआ रोड जीआरपी के एएसआई उपेंद्र राम ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से ही ट्रेन में जांच की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर भभुआ रोड स्टेशन पर नौ महिलाओं और एक पुरुष को उतारकर तलाशी ली गई, जिसमें शराब बरामद हुई।

अब पुलिस यह भी खंगाल रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के संभावित नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- देव तिवारी