दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने एक घंटे में दबोचा, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप

दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फुर्ती और सख्ती का ऐसा नमूना पेश किया कि आरोपी को प्राथमिकी दर्ज होने के महज़ एक घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।...

दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने एक घंटे में दबोचा- फोटो : reporter

Bihar Crime: दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फुर्ती और सख्ती का ऐसा नमूना पेश किया कि आरोपी को प्राथमिकी दर्ज होने के महज़ एक घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।

कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में हुए दुष्कर्म के  मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 12 फरवरी की देर रात वार्ड संख्या 18 के एक परिवार ने थाने पहुंचकर युवती के साथ दुष्कर्म की संगीन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने देर न करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की और जांच का पहिया तेज़ कर दिया।

मामले की नज़ाकत को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हर सुराग, हर हरकत पर पैनी नज़र रखी गई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान राजेश राम के रूप में हुई।प्राथमिकी दर्ज होने के एक घंटे के भीतर ही पुलिस ने दबिश देकर राजेश राम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान वार्ड संख्या 14, थाना भभुआ निवासी मोहर राम के पुत्र के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने साफ लहजे में कहा कि महिला सुरक्षा के मामलों में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी।इस ताबड़तोड़ एक्शन से साफ संदेश गया है कि अब जुर्म के बाद फरारी की गुंजाइश कम होती जा रही है। कैमूर पुलिस का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह का शिकंजा आगे भी कसता रहेगा, ताकि कानून का खौफ कायम रहे और पीड़ितों को इंसाफ़ मिल सके।

रिपोर्ट -देवब्रत  तिवारी