Bihar Terror Module Busted: गज्बा-ए-हिंद की साजिश नाकाम, बिहार से दिल्ली तक फैले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, कटिहार के मोहम्मद सोहेल समेत चार गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवकों में एक नाम बिहार के कटिहार जिले से जुड़ा है।
Bihar Terror Module Busted: देश की राजधानी नई दिल्ली से एक बड़ी और सनसनीखेज सुरक्षा कार्रवाई सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक कथित तौर पर गज्बा-ए-हिंद जैसे कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े हुए थे और देश में अस्थिरता फैलाने की योजना पर काम कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए युवकों में एक नाम बिहार के कटिहार जिले से जुड़ा है। मोहम्मद सोहेल, जो मनिहारी थाना क्षेत्र के नवाबगंज बालू टोला का रहने वाला है, उसकी गिरफ्तारी दिल्ली से की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसके गांव में सन्नाटा और डर का माहौल पसरा हुआ है।
परिवार का कहना है कि कुछ दिन पहले भी दिल्ली पुलिस की टीम सोहेल को उसके घर से ले गई थी और मनिहारी थाना में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। बाद में उसे कुछ दस्तावेजों के साथ दिल्ली बुलाया गया, जहां अब उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। सोहेल की मां ने भावुक होकर बताया कि उनका बेटा सिर्फ 10वीं पास है और अपने पिता के साथ प्लंबर का काम करता था। उन्हें अपने बेटे के किसी भी आतंकी गतिविधि में शामिल होने की कोई जानकारी नहीं है। गांव में लोग भी इस गिरफ्तारी से हैरान और स्तब्ध हैं।
हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवकों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में कुछ ऐसे पोस्ट सामने आए हैं जो कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देते थे। जांच एजेंसियों को शक है कि ये सभी युवक एक सोशल मीडिया कोर ग्रुप के जरिए जुड़े हुए थे, जहां कथित तौर पर युवाओं को प्रभावित करने, विचारधारा फैलाने और फंडिंग नेटवर्क बनाने की चर्चा होती थी।
सूत्रों के अनुसार, इस केस में सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों के भी युवक शामिल हैं। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में उत्तर प्रदेश का सोनू और कलम, मुंबई का मोहम्मद हम्माद और भुवनेश्वर का शेख इमरान शामिल बताया जा रहा है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीर मानते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील प्रकरण मानकर आगे की जांच कर रही हैं।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह