Bihar Crime: केले के खेत की आड़ में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, भारी मात्रा में असलहा बरामद

Bihar Crime: पुलिस ने हथियार निर्माण के एक बड़े ठिकाने का पर्दाफाश करते हुए मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है।...

मिनी गन फैक्ट्री- फोटो : reporter

Bihar Crime: कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार निर्माण के एक बड़े ठिकाने का पर्दाफाश करते हुए मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। सतबेहरी चांदपुर बहियार में केले के खेत की आड़ में बनी एक झोपड़ी में कथित तौर पर हथियार तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से हथियार बनाने के सामान के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसडीपीओ विशाल आनंद के मुताबिक, पुलिस को इलाके में अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने सतबेहरी चांदपुर बहियार में छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही झोपड़ी में मौजूद तीन लोग भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रफीक आलम, मो. फिरोज और मो. बजीर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, बैरल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा अर्द्धनिर्मित मैगजीन और हथियार तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले।

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में गैस कटिंग मशीन, ड्रिल मशीन और मोबाइल फोन समेत अन्य औजार शामिल हैं। बरामद उपकरणों से आशंका जताई जा रही है कि झोपड़ी को हथियार निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। केले के खेत के बीच ठिकाना बनाए जाने से गतिविधियों को छिपाने की कोशिश की जा रही थी।

छापेमारी के बाद पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यहां तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों तक की जाती थी। पुलिस हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क, खरीदारों और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध हथियारों के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ नेटवर्क से जुड़े और लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह