खगड़िया में कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर, एक लाख का इनामी बदमाश बिहार, यूपी, दिल्ली में कर चुका कई हत्या

मिथिलेश महतो का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है। पुलिस के मुताबिक, साल 2015 में दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में उसने अपने मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। वहीं बिहर से यूपी तक वह हत्याएं

Khagaria Encounter- फोटो : news4nation

Bihar Police Encounter:  खगड़िया में पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मिथिलेश महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


खगड़िया के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह (IPS) ने बताया कि 28 नवंबर को पुलिस को मानवीय और तकनीकी आसूचना के जरिए सूचना मिली थी कि मिथिलेश महतो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वह अपने साथियों और हथियारों को जुटा रहा था। सूचना यह भी थी कि वह जून 2026 में चौथम थाना क्षेत्र में हुए एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले की मुख्य चश्मदीद गवाह की हत्या की साजिश रच रहा है।


एसपी ने बताया कि सूचना की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले चश्मदीद गवाह की सुरक्षा सुनिश्चित की गई और उसके घर पर पुलिस बल की तैनाती की गई। इसके बाद अपराधी की गिरफ्तारी के लिए सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें STF SOG-03, अभियान दल-08, DIU खगड़िया और चौथम थाने की पुलिस शामिल थी।


पुलिस के मुताबिक, संयुक्त टीम ने जब अपराधी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो उसने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में मिथिलेश महतो के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।


तीन लोगों की हत्या के मामले में था वांछित

एसपी के अनुसार, मिथिलेश महतो खगड़िया जिले का कुख्यात और आदतन अपराधी है। वह एक लाख रुपये का इनामी होने के साथ-साथ 'श्नोटोरियस फेज-VI' की सूची में भी शामिल है। वह चौथम थाना कांड संख्या 181/26 में वांछित था। इस मामले में 1 जून 2026 को एक ही परिवार के जयकांत पासवान, पार्वती देवी और बच्ची रचना कुमारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि अपराधी ने पहले हथौड़ी से वार किया और फिर धारदार हथियार से तीनों का गला रेत दिया था। हमले में परिवार की एक अन्य 10 वर्षीय बच्ची का भी गला काट दिया गया था, लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी। वह इस हत्याकांड की मुख्य चश्मदीद गवाह है। पुलिस के अनुसार, इसी गवाह की हत्या की साजिश रचने की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई।


दिल्ली में भी तीन लोगों की कर चुका है हत्या

मिथिलेश महतो का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है। पुलिस के मुताबिक, साल 2015 में दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में उसने अपने मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। मृतकों में चंदू लाल (70), गुल्ला देवी (65) और राकेश कुमार (30) शामिल थे। इस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब नौ साल जेल में रहने के बाद वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आया था। 


जमानत पर रिहा होने के बाद वह खगड़िया लौट आया। यहां 5 नवंबर 2024 को गंगौर थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अजय कुमार साह की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जमीन में गाड़ दिया था। इस मामले में भी उसे जेल जाना पड़ा था। खगड़िया जेल से बाहर आने के बाद जून 2026 में चौथम थाना क्षेत्र में तीन लोगों की हत्या का आरोप उस पर लगा।


यूपी में भी दर्ज हैं NDPS के मामले

पुलिस के अनुसार, मिथिलेश महतो के खिलाफ उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के सिरिसिया थाने में भी दो मामले दर्ज हैं। दोनों मामले वर्ष 2013 के हैं और NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत दर्ज किए गए थे।


एसपी शैलेन्द्र सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को खगड़िया पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस गिरफ्तारी से न केवल एक लाख रुपये का इनामी अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आया है, बल्कि तीन लोगों की हत्या के मामले की मुख्य गवाह को निशाना बनाने की कथित साजिश को भी समय रहते विफल किया गया है।
kuldeep