Bihar Crime: पिता की मौत के बाद बेटे का खूनी तांडव, शोकसभा बनी चीख-पुकार का मैदान, 6 लोगों पर धारदार हमले से हड़कंप
Bihar Crime: पिता की मौत के बाद एक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर छह लोगों को घायल कर दिया।...
Bihar Crime: पिता की मौत के बाद एक युवक ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर छह लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा पंचायत के जमुआ गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, जमुआ गांव निवासी उग्रसेन पाठक का बुधवार सुबह करीब 11 बजे निधन हो गया था। उनके निधन की खबर सुनकर परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण शोक जताने उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान मृतक के पुत्र प्रदीप पाठक ने अचानक आपा खो दिया और धारदार हथियार लेकर वहां मौजूद लोगों पर हमला शुरू कर दिया।
हमले में रीता देवी, बच्चन देवी, सीमा देवी, मंजू देवी, हरिलाल यादव और क्षत्री यादव घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को बचाया और तुरंत इलाज के लिए चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौथम थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार , एसआई सिन्टू कुमार, पीएसआई स्नेहा कुमारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप पाठक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है। इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में सुरक्षा और मानसिक तनाव जैसे मुद्दों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- अमित कुमार