Bihar Crime:डायन कहकर दरिंदगी, खगड़िया में महिला पर जानलेवा हमला, घर में घुसकर लूटपाट का आरोप

Bihar Crime: अंधविश्वास की आड़ में बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है।आठ लोगों पर डायन बताकर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।

डायन कहकर दरिंदगी- फोटो : reporter

khagaria:  जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौढ़ली पंचायत के हल्का वासा वार्ड संख्या-05 से अंधविश्वास की आड़ में बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता मंजू देवी , पति राधे राम ने थाना में दिए आवेदन में गांव के आठ लोगों पर “डायन” बताकर जानलेवा हमला करने, घर में घुसकर लूटपाट करने और पूरे परिवार को मार डालने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

आवेदन के अनुसार, 21 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे मंजू देवी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपी जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें “डायन-जोगिन” कहकर अपमानित किया, अश्लील गालियां दीं और लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर व हथौड़ी से महिला और उसके मासूम बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की।हमले में मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल, खगड़िया रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान हैं।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने फूस का घर तोड़ दिया, बक्से का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद लूट लिए। साथ ही धमकी दी कि पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में घर के भीतर घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में बेलदौर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अंधविश्वास के नाम पर हुई इस घटना ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में प्रशासन की ओर टकटकी लगाए है।

रिपोर्ट- अमित कुमार